सीएम ग्रिड योजना में तीन सड़कों का प्रस्ताव तैयार
Gorakhpur News - गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर तीन सड़कों के विकास के लिए 175.60 करोड़ रुपये की लागत से योजना बनाई गई है। इसमें सड़कों का नवीनीकरण, सिविल, विद्युत और जलापूर्ति कार्य शामिल हैं। इस योजना को जल्द ही मंजूरी के लिए शासन में भेजा जाएगा।
गोरखपुर, मुख्य संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर महानगर की तीन सड़कों के विकास के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में सीएम-विड ग्रिड योजना के तहत सप्लीमेंट्री कार्य योजना नगर निगम ने तैयार कर लिया है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली जिला स्तरीय कमेटी की स्वीकृति के उपरांत इसी सप्ताह मंजूरी के लिए शासन में भेजी जाएगी। योजना में 5100 मीटर लम्बी प्रमुख सड़क खंडों के नवीनीकरण, सिविल, विद्युत और जलापूर्ति के कार्यो में 175.60 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने बताया कि यह सड़कें घनी आबादी के बीच और काफी व्यस्त रहने वाली हैं। इनके विकास से लोगों को काफी सहूलियत होती।
बिजली के सभी तार और यूटिलिटी भूमिगत होगी। जलापूर्ति की पाइप लाइनें भी शिफ्ट कर सुव्यवस्थित की जाएंगी। पिछले बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राप्तीनगर में सीएम ग्रिड योजना से निर्माणाधीन सड़क का भौतिक निरीक्षण किया था। उसके बाद उन्होंने योजना के तहत तीन और सड़कों को चिन्हित कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए थे। तत्काल हरकत में आए नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल और मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने अभियंताओं की टीम के साथ लगातार दो दिन सर्वेक्षण उपरांत तीन सड़कों का चयन किया। पहली सड़क : बेतियाहाटा चौक से अलहदादपुर तिराहा, टीडीएम तिराहे से ट्रांसपोर्टनगर तक और रैन बसेरा रोड से एनएच 28 तक 2200 मीटर लम्बी सड़क शामिल है। इस सड़क की चौड़ाई 15 से 18 मीटर है। इस सड़क पर सिविल, विद्यतुत और जलनिकासी कार्य पर अनुमानित लागत क्रमशः 36 करोड़, 41 करोड़ और 06.90 करोड़ रुपये रखी गई है। दूसरी सड़क : टीडीएम तिराहे से पांडेय हाता पुलिस चौकी होते हुए महेवा चुंगी एवं बर्फ खाना रोड से हाबर्ट बन्धा तक 1900 मीटर लम्बी यह सड़क 02 से 15 मीटर चौड़ी है। इन सड़क पर सिविल, विद्यतुत और जलनिकासी कार्य पर अनुमानित लागत क्रमशः 28 करोड़, 38 करोड़ और 5.70 करोड़ रुपये रखी गई है। तीसरी सड़क : अलहदादपुर तिराहे से रायगंज होते हुए घंटाघर तक 1000 मीटर लम्बी सड़क शामिल है। इस सड़क की चौड़ाई सबसे कम 06 से 08 मीटर है। इस सड़क पर सिविल, विद्यतुत और जलनिकासी कार्य पर अनुमानित लागत क्रमशः 07 करोड़, 10 करोड़ और 03 करोड़ रुपये रखी गई है। ----------- ‘मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार परियोजना तैयार है। जल्द ही मुख्य कार्यकारी अधिकारी यूरीडा नगर निकाय निदेशालय गोमतीनगर लखनऊ को यह कार्य योजना भेजी जाएगी। योजना पूरी होने के बाद शहर की सड़कों का नवीनीकरण और बुनियादी ढांचे में सुधार होगा, जिससे यातायात सुगमता और नागरिकों की सुविधा बढ़ेगी।’ गौरव सिंह सोगरवाल, नगर आयुक्त

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




