ओवरब्रिज निर्माण में अधिग्रहीत भूमि का प्रभावित नागरिकों ने उप जिलाधिकारी से मांगा मुआवजा
Gorakhpur News - गोरखपुर के हड़हवा फाटक रोड के निवासियों ने ओवरब्रिज निर्माण के लिए अधिग्रहण के दौरान मकानों, दुकानों और जमीन के मुआवजे की मांग की। स्थानीय लोगों ने एसडीएम दीपक गुप्ता से मुलाकात कर बताया कि उनके पास सभी आवश्यक दस्तावेज हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार मुआवजे का भुगतान करने की अपील की।
गोरखपुर, मुख्य संवाददाता। रेलवे क्रॉसिंग हड़हवा फाटक रोड गोरखनाथ के स्थानीय निवासियों ने उप जिलाधिकारी सदर दीपक गुप्ता से ओवरब्रिज निर्माण के लिए किए जा रहे अधिग्रहण के क्रम में मकानों-दुकानों और जमीनों के मुआवजा देने की मांग की। शुक्रवार को एसडीएम सदर से मुलाकात कर स्थानीय निवासियों ने कहा कि उनके परिवार प्रभावित क्षेत्र में तीन पीढ़ियों से रहते आ रहे हैं। उनके पास बिजली का बिल, राशन कार्ड, आधार, पैन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, नगर निगम का सम्पत्तिकर की रसीद समेत सभी आवश्यक दस्तावेज मौजूद हैं। जटेपुर के पार्षद पवन सिंह की अगुवाई में पहुंचे लोगों ने बताया कि कार्यदायी संस्था सेतु निगम जमीन का मुआवजा देने से इनकार कर रहा है।
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्माणाधीन विरासत गलियारा योजना में मकानों और जमीन का मुआवजा देने के कड़े निर्देश दिए थे। उनके स्पष्ट निर्देश पर हाउस टैक्स और बिजली बिल जैसे दस्तावेजों के आधार मुआवजा दिया जा रहा है। मांग किया कि इसी तर्ज पर निवासियों ने हड़हवा फाटक रोड और गुरु गोरखनाथ मंदिर को जोड़ने वाले ओवरब्रिज अधिग्रहण के तहत समस्त मकानों और भूमि का मुआवजा निर्धारित करने और भुगतान करने की मांग की है। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि इससे उन्हें अपनी अजीविका और रहने की व्यवस्था बनाने में सुविधा होगी। पार्षद पवन सिंह के साथ स्थानीय नागरिक सुभावती देवी, योगेश प्रजापति, बच्चू लाल, गणेश सोनकर, इंदु देवी, गुड़िया, राजेश, शारदा देवी, मिथलेश वर्मा, मीरा देवी, रामदौड़, राधाकृष्ण, राम मिलन, उमा देवी, सुशीला देवी, प्रभावती, पंकज विश्वकमा, शैलू, रामचंदर, मेवालाल समेत काफी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। उप जिलाधिकारी सदर दीपक गुप्ता ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


