बिना डायवर्जन के ही बदले जा रहे राजघाट के पुल के बियरिंग
Gorakhpur News - गोरखपुर के नौसड़ स्थित राजघाट पुल की मरम्मत बिना रास्ता रोके शुरू हो गई है, जिससे लोगों को राहत मिली है। पुल के बियरिंग और एक्सटेंशन ज्वाइंट की मरम्मत का कार्य चल रहा है। लोक निर्माण विभाग ने कहा कि एक लेन बंद करके कार्य पूरा किया जाएगा, ताकि लोगों को कम असुविधा हो।

गोरखपुर, निज संवाददाता। नौसड़ स्थित राजघाट पुल की मरम्मत में बिना रास्ता रोके ही बियरिंग बदलने का कार्य शुरू हो गया है। इससे लोगों को बड़ी राहत मिली है। वाराणसी एवं लखनऊ रूट के वाहन इसी पुल से शहर में आते-जाते हैं। पुल पर भारी वाहनों के प्रवेश को बंद करने से जाम के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता। अब एक्सटेंशन ज्वाइंट बदलने के लिए पुल के आधी लेन को बंद करना पड़ेगा, जबकि आधी लेन से वाहनों को आने-जाने का रास्ता दिया जाएगा। राजघाट में करीब 60 साल पुराने पुल के बियरिंग खराब होने और दरारें आने के कारण लोक निर्माण विभाग खंड-3 की ओर मरम्मत कराई जा रही है।
बियरिंग एवं एक्सटेंशन ज्वाइंट की मरम्मत के लिए 2.5 से 3 मीटर हाईट गेज लगाकर भारी वाहनों को रोकने की योजना बनाई गई थी, लेकिन सड़क बंद किए बिना ही हाइड्रोलिक जैक की मदद से बिरयिंग बदले जा रहे हैं।एक्सटेंशन ज्वाइंट के 24 बेयरिंग में 9 बेयरिंग बदले जा चुके हैं, उसके बाद पियर कैप पर लगाए गए 30 बेयरिंग बदले जाएंगे। इसमें नदी क्षेत्र में सीढि़यों के पास झूले पर झुके हुए कारीगर हाइड्रोलिक जैक की मदद से पुल को ऊपर उठाकर बेयरिंग बदल रहे हैं। एक्सटेंशन ज्वाइंट के लिए एंगल तैयार किए गए हैं। इसमें सड़क के ऊपर सतह पर एंगल को जोड़ दिया जाएगा। जब एक ओर का कार्य पूरा हो जाएगा, उस रास्ते को खोलकर दूसरा लेन बंद करके कार्य पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही पुल के किनारे पानी नीचे गिरने के लिए ड्रेनेज स्पाउट भी लगाए जा रहे हैं ताकि बारिश में पानी बहने से पुल में दरार न आए। लोक निर्माण विभाग खंड-3 के अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार ने कहा, राजघाट पुल में बियरिंग बदलने का कार्य शुरू हो गया है। बिना डायवर्जन के ही बियरिंग बदलने में कामयाबी मिल गई है। एक्सटेंशन ज्वाइंट के कार्य के लिए होली बाद पुल का एक लेन बंद करके कार्य किया जाएगा। ध्यान रखा जाएगा कि लोगों को असुविधाएं कम हो और मरम्मत भी हो जाए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



