दो वर्गों के फाइनल में पहुंची गोरखपुर क्वींस
Gorakhpur News - सचित्र अस्मिता नेशनल महिला रोइंग लीग -लाइटवेट पेयर्स में संजू-अनुष्का की मेजबान जोड़ी खिताबी मुकाबले

गोरखपुर, निज संवाददाता। गोरखपुर क्वींस की संजू कुमारी व अनुष्का पटेल ने 'अस्मिता नेशनल महिला रोइंग लीग' में महिला लाइटवेट पेयर्स और सुलेखा मुमू व नीलू कुमारी ने लाइटवेट डबल स्कल में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में मेजबान की चुनौती कायम रखी। लीग के फाइनल मुकाबले 16 मई को संपन्न होंगे। शुक्रवार को रामगढ़झील में आयोजित अस्मिता नेशनल महिला रोइंग लीग के सेमीफाइनल व रेपचेज राउंड हुए। जहां महिला लाइटवेट पेयर्स के पहले सेमीफाइनल में गोरखपुर की संजू कुमारी व अनुष्का पटेल ने 04:05.7 के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल का टिकट हासिल किया। वहीं, कोचीन क्वींस की वैज्ञा प्रकाश व मीनाक्षी वीएस 04:03.8 के समय के साथ शीर्ष पर रहीं। इसी वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में कटक रोइंग क्लब पहले और अंडमान अचीवर्स की टीम दूसरे स्थान पर रही।
रेपचेज राउंड में प्रदर्शन
दूसरी ओर रेपचेज में सुलेखा मुमू व नीलू कुमारी ने महिला लाइटवेट डबल स्कल में 3:56.8 के समय के साथ रेपचेज राउंड में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए खिताबी होड़ में जगह बनाई। महिला डबल स्कल के पहले सेमीफाइनल में चेन्नई ओरफोर्स की डी मधुमिता व आर भगवती और कोचीन क्वींस की अंजली मैरी जार्ज व सुखमनप्रीत कौर ने भी शीर्ष दो स्थान पर रहते हुए खिताबी होड़ में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में कटक रोइंग क्लब पहले व भोपाल की टीम दूसरे स्थान पर रही। रोइंग फेडरेशन आफ इंडिया की ओर से नामित चीफ जूरी तेजस शिंदे की अगुवाई में जेगन एस, अजहर हुसैन, अरुण, बीएस रावत, सोनू व जागृति गुप्ता स्पर्धाओं के सुचारु आयोजन में योगदान कर रहे हैं।
फाइनल मुकाबलों की जानकारी
आज होगी कई वर्गों की खिताबी रेस
आरएफआई के महासचिव शुभाशीष मुखर्जी ने बताया कि लीग में फाइनल मुकाबलों की शुरुआत 16 मई को सुबह 8:30 बजे से होगी। उन्होंने बताया कि अन्य मुकाबलों में महिला पेयर्स में चेन्नई ओरफोर्स, कटक रोइंग क्लब, हैदराबाद क्वींस, कोचीन क्वींस फाइनल में पहुंची। जूनियर सिंगल स्कल में बंगाल, भोपाल, कटक रोइंग क्लब व जिंद सिटी हरियाणा फाइनल में चुनौती पेश करेंगी। महिला लाइटवेट डबल स्कल में गोरखपुर क्वींस, हैदराबाद क्वींस, कटक रोइंग क्लब, डेक्कन क्वींस फाइनल में पहुंची। जूनियर क्वाड्रुपल स्कल में कोचीन क्वींस, भोपाल, बंगाल एवं कटक रोइंग क्लब, सब जूनियर कॉक्सलेस फोर्स में जिंद सिटी हरियाणा, बंगाल, डेक्कन क्वींस एवं हैदराबाद क्वींस, सब जूनियर डबल स्कल में स्टील ओर्स, जिंद सिटी हरियाणा, डेक्कन क्वींस एवं हैदराबाद क्वींस और सब जूनियर सिंगल स्कल में चंडीगढ़ रोइंग, स्टील ओर्स, कोचीन क्वींस और हैदराबाद क्वींस फाइनल में पहुंची।
प्रश्नोत्तर
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


