
घनी आबादी वाले इलाकों में क्यूआरटी सक्रिय, मंदिर की सुरक्षा बढ़ी
संक्षेप: Gorakhpur News - दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद गोरखपुर पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। संवेदनशील इलाकों में क्यूआरटी तैनात की गई है। बम डिटेक्शन और डॉग स्क्वॉड की मदद से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जनता से अपील की गई है कि वे संदिग्ध वस्तुओं की सूचना तुरंत दें।
गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद गोरखपुर पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। शहर के संवेदनशील और घनी आबादी वाले इलाकों में क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) तैनात की गई। पुलिस और इंटेलिजेंस यूनिट के अधिकारी लगातार हालात पर नजर रख रहे हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, सिटी मॉल, गोरखनाथ मंदिर, देवरिया बाईपास, रेती रोड और गोलघर क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जानकारी के मुताबिक, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सभी थानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। संवेदनशील जगहों पर बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीडीएस) के साथ डॉग स्क्वॉड की मदद से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

खासतौर पर गोरखनाथ मंदिर परिसर, रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर यात्रियों के सामान की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसएसपी ने सोमवार रात पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर दिशा-निर्देश जारी किए। सभी सर्किल अफसरों को आदेश दिया गया है कि वे शाम के समय खुद गश्त पर निकलें और भीड़भाड़ वाले बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लें। सादी वर्दी में खुफिया कर्मियों को भी भीड़ में तैनात किया गया है ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत नजर रखी जा सके। शहर के प्रमुख मॉल, होटल और धार्मिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की निगरानी बढ़ा दी गई है। वहीं, स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि वे संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस लाइन से क्यूआरटी की दो टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। बोले एसएसपी जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। क्यूआरटी बढ़ा दी गई है। घनी आबादी के अलावा स्टेशन, बाजार में लगातार पुलिस गश्त कर रही है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है। - राजकरन नय्यर, एसएसपी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




