चौरीचौरा में पुलिस को कुचलने का प्रयास कर चुके तीन तस्कर गगहा में गिरफ्तार
Gorakhpur News - गोरखपुर में गगहा पुलिस ने पुलिस पर हमले के मामले में फरार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनसे एक बिना नंबर प्लेट की पिकअप, दो मोटरसाइकिल और दो गोवंशीय पशु बरामद किए गए हैं। अभियुक्तों की पहचान मिठाई लाल, मदनी कुमार और गुड्डू लोना के रूप में हुई है। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
गोरखपुर। वरिष्ठ संवाददाता चौरीचौरा क्षेत्र में पुलिस पर हमले के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गगहा पुलिस ने पशुतस्करी करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक बिना नंबर प्लेट की पिकअप, दो मोटरसाइकिल तथा दो गोवंशीय पशु बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मिठाई लाल निवासी उनवल थाना खजनी, मदनी कुमार निवासी देउरबीर थाना गगहा तथा गुड्डू लोना निवासी जंगल उन बउरहवा थाना कोतवाली खलीलाबाद, जनपद संतकबीर नगर के रूप में हुई है। ये तीनों चौरीचौरा में पुलिस टीम पर हमले के मामले में वांछित चल रहे थे और घटना के बाद से फरार थे।
इस प्रकरण में इनके पांच अन्य साथियों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गगहा पुलिस ने नियमित चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें गोवंशीय पशुओं की बरामदगी हुई। वाहन के पास से आवश्यक दस्तावेज न मिलने पर पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में चौरीचौरा कांड में संलिप्तता की पुष्टि होने पर पुलिस ने विधिक कार्रवाई तेज कर दी। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना गगहा में मु0अ0सं0 49/2026 के तहत धारा 3/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम व धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद पशुओं को सुरक्षित स्थान पर भेजते हुए वाहनों को सीज कर दिया है। एसपी साउथ दिनेश पूरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजवाया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


