
पादरी बाजार फ्लाईओवर पर साढ़े चार माह बाद फर्राटा भरने लगेंगे वाहन
Gorakhpur News - फोटो- उम्मीद - पादरी बाजार में 10 गर्डर की हुई लांचिंग, 25 और चढ़ाए जाएंगे
गोरखपुर, निज संवाददाता। पादरी बाजार फ्लाईओवर में 10 गर्डर की लांचिंग हो गई है, जबकि शेष 25 गर्डर की लांचिंग के लिए भी भारी मशीनों के साथ श्रमिक लगाए गए हैं। कार्यदायी संस्था सेतु निगम के अनुसार मार्च तक गर्डर लांचिंग एवं डेक (छत ढलाई एवं सड़क) का कार्य पूरा हो जाएगा, जबकि मई तक फ्लाईओवर का निर्माण पूरा हो जाएगा। इसके बाद इस फ्लाईओवर पर भी वाहन दौड़ने लगेंगे। सेतु निगम के अंतर्गत पादरी बाजार में 98.34 करोड़ रुपये की लागत से 569.095 मीटर का फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। इसमें चौराहे पर लोहे के कंपोजिट गर्डर बनाए जाएंगे, जिसकी लंबाई 36 मीटर होगी।
फोरलेन फ्लाईओवर में चौराहे के दोनों ओर 36-36 मीटर जगह मिलेगी, जबकि अन्य गर्डर की लंबाई 24 मीटर होगी। इसमें गर्डर लांचिंग के साथ ही डेक का कार्य किया जा रहा है, ये कार्य होते हो एप्रोच मार्ग का कार्य शुरू होगा। इसके निर्माण में दोनों ओर लगे हुए बिजली निगम के 39 पोल एवं तार को शिफ्ट करने की आवश्यकता है। इसके लिए कार्यदायी संस्था पत्राच्चार कर रही है। फ्लाईओवर निर्माण के बाद पादरी बाजार में जाम की समस्या दूर हो जाएगी। देवरिया एवं कुशीनगर की ओर से आने-जाने वाले वाहनों के लिए गोरखनाथ मंदिर की यात्रा आसान होगी, जबकि मेडिकल कॉलेज एवं एम्स गोरखपुर और एयरपोर्ट पहुंचने में भी सुविधा होगी। गोरखपुर-सोनौली मार्ग के वाहन बरगदवा, फर्टिलाइजर, स्पोर्टस कॉलेज एवं खजांची फ्लाईओवर होते हुए महराजगंज, नेपाल के वाहन भी पादरी बाजार फ्लाईओवर से जा सकेंगे। इस फ्लाईओवर के नीचे से असुरन पिपराइच फोरलेन गुजरेगी, जबकि मोहद्दीपुर से जेल बाईपास रोड फोरलेन का आकार ले चुका है। ---- पादरी बाजार फ्लाईओवर में गर्डर लांचिंग का कार्य किया जा रहा है। गर्डर व डेक का कार्य पूरा होते ही एप्रोच और रेलिंग के कार्य शुरू कराए जाएंगे। मई तक फ्लाईओवर का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है। मिथिलेश कुमार, जीएम, सेतु निगम

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




