
चार हजार से ज्यादा आबादी वाले गांवों तक पहुंचेगी रोडवेज
Gorakhpur News - - शासन के निर्देश पर परिवहन निगम ने शुरू किया सर्वे - बस न रुकने
गोरखपुर, रूद्र प्रताप सिंह जनपद के घनी आबादी वाले गांवों में वर्षों से चली आ रही बस न रुकने की समस्या अब दूर होने जा रही है। शासन के निर्देश पर परिवहन निगम ने चार हजार से अधिक आबादी वाले गांवों का सर्वे शुरू कर दिया है। टीम गांवों में पहुंचकर मौजूदा परिवहन सुविधाओं, यात्रियों की संख्या और बस आवाजाही की स्थिति का आकलन कर रही है। इसी आधार पर नए रूट निर्धारित किए जाएंगे। जिले में कई ऐसे गांव हैं, जहां घनी आबादी होने के बावजूद न तो बस स्टॉप हैं और न ही रोडवेज बसें पहुंचती हैं। ग्रामीणों को शहर आने-जाने के लिए पहले दूसरे रूट की बस पकड़नी पड़ती है, फिर ऑटो या निजी वाहन से आते-जाते हैं।

खासकर देर रात घर लौटने पर महिलाओं और बुजुर्गों को सुरक्षा को लेकर भय बना रहता है। सरकारी बस यदि गांव के पास तक पहुंचेगी तो ग्रामीणों को सुरक्षित और समयबद्ध यात्रा की सुविधा मिल सकेगी। क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार सिंह ने बताया कि शासन ने परिवहन निगम से ऐसे सभी गांवों की सूची मांगी है। निगम ने पहले चरण में उन स्थानों की पहचान पूरी कर ली है, जहां तक वर्तमान में बसें नहीं पहुंचतीं। दूसरे चरण में चार हजार से अधिक आबादी वाले गांवों का विस्तृत सर्वे किया जाएगा। तीसरे चरण में 10 से 20 गांवों को जोड़ते हुए नए रूट तैयार किए जाएंगे, जिन पर रोडवेज की नई बसें संचालित की जाएंगी। कई गांव ऐसे भी हैं, जहां बस स्टॉप बने होने के बावजूद रोडवेज बसें भीड़भाड़ वाले इलाकों से गुजरने से बचती हैं और किनारे रास्ते से निकल जाती हैं। इससे रात में लौटने वाले यात्रियों को काफी परेशानी होती है। नई बस सेवा शुरू होने पर बसें निर्धारित गांवों तक जाएंगी और यात्रियों को उनके घर के करीब उतारेंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सकेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




