Gorakhpur News: 1.44 लाख बकायेदार रडार पर, हर कर निरीक्षक रोज 10 बड़े बकाएदार पकड़ेगा
Gorakhpur News: गोरखपुर। प्रमुख संवाददाता। नगर निगम ने गृहकर, जलकर और सीवरकर के 1.44 लाख से
Gorakhpur News: गोरखपुर। प्रमुख संवाददाता। नगर निगम ने गृहकर, जलकर और सीवरकर के 1.44 लाख से अधिक बकायेदारों से वसूली के लिए एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) में अब बड़े बकाएदारों पर शिकंजा कसने की तैयारी की है।
योजना की समीक्षा
नगर आयुक्त अजय जैन ने मंगलवार को योजना की समीक्षा करते हुए पांचों जोन में वार्डवार एक लाख से 10 लाख रुपये तक के बड़े बकायदारों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। प्रत्येक कर निरीक्षक को हर कार्यदिवस कम से कम 10 बड़े बकाएदारों से ओटीएस में आवेदन और भुगतान कराने का लक्ष्य दिया है।
विशेष नजर रखने की आवश्यकता
नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारियों को खुद भी 10 लाख रुपये से अधिक के बकाएदारों पर विशेष नजर रखने को कहा है। साथ ही व्यापारियों और उद्यमियों के संगठनों तथा आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों से संपर्क कर उन्हें योजना की जानकारी देने और उनकी सुविधा के अनुसार कैंप लगाने के निर्देश दिए हैं। पार्षदों के सहयोग से वार्ड और मोहल्ला स्तर पर भी कैंप लगाए जाएंगे। नगर निगम में कुल 1,44,894 बकायेदार हैं, जिन पर 258.47 करोड़ रुपये का संपत्तिकर बकाया है।
योजना का लाभ
इसमें 186.76 करोड़ रुपये मूल कर और 71.71 करोड़ रुपये ब्याज है। योजना का लाभ एक अप्रैल 2026 तक के बकायेदारों को मिलेगा। नगर आयुक्त ने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए हैं। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर होर्डिंग-बैनर लगाने के साथ कर निरीक्षकों को प्रतिदिन तय लक्ष्य के अनुसार बकायेदारों से संपर्क कर भुगतान सुनिश्चित कराने को कहा गया है। बैठक में अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव, अतुल कुमार, प्रमोद कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश कुमार सोनकर, मुख्य लेखाधिकारी नागेंद्र सिंह समेत सभी जोनल अधिकारी उपस्थित रहे।
ओटीएस में आवेदन स्थिति
ओटीएस में 506 आवेदन, 64 ने किया पूरा भुगतान नगर निगम की एकमुश्त समाधान योजना में मंगलवार शाम छह बजे तक कुल 506 आवेदन मिले। इनमें से 433 आवेदन स्वीकृत एवं 73 आवेदन लंबित हैं। राहत की बात यह है कि अब तक किसी आवेदन को अस्वीकृत नहीं किया गया है। नगर आयुक्त को समीक्षा के दौरान मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश कुमार सोनकर ने बताया कि 423 लोगों ने ऑनलाइन और 83 ने ऑफलाइन आवेदन किए हैं। 399 आवेदकों ने एकमुश्त भुगतान और 107 लोग किश्तों में भुगतान चाहते हैं। अब तक 64 आवेदकों ने पूर्ण भुगतान किया है जबकि दो आवेदकों ने पहली किश्त जमा की है। ओटीएस के तहत अब तक 33,58,958 रुपये का राजस्व मिला है। योजना के तहत नागरिकों को अब तक 8,90,443 रुपये का ब्याज माफ हुआ है। उन्होंने महानगरवासियों से अपील किया इस योजना का अधिकाधिक लाभ उठाएं।


