Hindi NewsUttar-pradesh NewsGorakhpur NewsGorakhpur Municipal Employees Protest for Safety and Long-Standing Demands

कार्यस्थल की असुरक्षा और लंबित मांगों पर आंदोलित निगमकर्मी

संक्षेप: Gorakhpur News - गोरखपुर में नगर निगम कर्मचारियों ने अपनी पुरानी मांगों और कार्यस्थल पर बढ़ती असुरक्षा के खिलाफ धरना दिया। यह आंदोलन 13 से 16 अक्टूबर तक चल रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी समस्याओं का समाधान...

Wed, 15 Oct 2025 05:53 PMNewswrap हिन्दुस्तान, गोरखपुर
share Share
Follow Us on
कार्यस्थल की असुरक्षा और लंबित मांगों पर आंदोलित निगमकर्मी

गोरखपुर। मुख्य संवाददाता गोरखपुर नगर निगम के कर्मचारियों ने अपनी वर्षों पुरानी मांगों और कार्यस्थल पर बढ़ती असुरक्षा के विरोध में बुधवार को नगर निगम मुख्यालय पर सांकेतिक धरना दिया। यह विरोध प्रदर्शन स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के बैनर तले 13 अक्तूबर से 16 अक्तूबर तक चल रहे आंदोलन का हिस्सा था। धरने के बाद नगर आयुक्त को ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें जल्द से जल्द सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। बुधवार को एक दिवसीय सांकेतिक धरना पर बैठे स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष राम प्रकाश सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान साल 2017 से लंबित हैं, लेकिन शासन स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

कई दौर की बातचीत और कार्यवृत्त जारी होने के बाद भी शासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि अकेंद्रीयित सेवा नियमावली न होने के कारण कर्मचारियों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। जिस पद पर उनकी नियुक्ति होती है, उसी पद पर वे सेवानिवृत्त हो जाते हैं, जबकि अन्य विभागों में ऐसा नहीं होता है। उन्होंने वार्डों में काम कर रहे सफाई कर्मचारियों और वाहन चालकों के साथ मारपीट की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे कर्मचारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इन घटनाओं को देखते हुए समन्वय समिति ने 5 अक्तूबर को एक बैठक में 15 अक्टूबर को सांकेतिक धरने का फैसला किया था। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि वे महानगर को साफ-सुथरा रखने में योगदान दे सकें। धरने का संचालन रविंद्र कुंवर ने किया। इस अवसर पर समन्वय समिति के पदाधिकारियों के साथ छेदीलाल, दुर्गेश, शक्ति मिश्रा, देवेंद्र मिश्रा, सुनीण मणि त्रिपाठी, फरहान अहमद, ओम प्रकाश, शिवचरण, गौरी शंकर, रामगोपाल मिश्रा, सुधीर यादव, राम आशीष, रसूल, गोविंद पांडेय और राम दरस सिंह सहित सैकड़ों कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में अपनी मांगों को पूरा करने की अपील की।