Gorakhpur News: 60.83 करोड़ से सुधरेंगी शहरी सड़कें, धूल से भी मिलेगी राहत
Gorakhpur News: गोरखपुर में नगर निगम वायु प्रदूषण कम करने के लिए 60.83 करोड़ रुपये खर्च करेगा। एनसीएपी के तहत 21 वार्डों में 23 सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए कार्य योजना स्वीकृत हो गई है। इकोलॉजिकल पार्क के लिए 8.07 करोड़ की सड़क बनाई जाएगी। अन्य वार्डों में भी सड़क सुधार पर काम होगा।

Gorakhpur News: राजीव दत्त पाणडेय, गोरखपुर। महानगर में वायु प्रदूषण कम करने और सड़क से उड़ने वाली धूल पर नियंत्रण के लिए नगर निगम 60.83 करोड़ रुपये खर्च करेगा। नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (एनसीएपी) के तहत इस धनराशि में से 37 करोड़ 61 लाख 25 हजार रुपये की स्वीकृत कार्य योजना के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे महानगर के 21 वार्डों में 23 सड़कों स्थिति सुधारने के साथ धूल के कारण होने वाले वायु प्रदूषण को कम करने की कोशिश होगी। एनसीएपी के तहत गोरखपुर नॉन-अटेनमेंट सिटी के रूप में चिह्नित है। वायु गुणवत्ता सुधार के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में 75.02 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे। इसमें से पहली किश्त के रूप में 27 मार्च में 30.35 करोड़ रुपये नगर निगम को मिले। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 65.48 करोड़ रुपये आवंटित हैं। नगर आयुक्त अजय जैन की अध्यक्षता में हुई बैठक में सड़क सुधार और एंड-टू-एंड पेविंग के प्रस्ताव को समिति में स्वीकृति मिली।
इकोलॉजिक पार्क तक 8.07 करोड़ से बनेगी सड़क
महेसरा में 25 एकड़ में 48 करोड़ रुपये से निर्माणाधीन इकोलॉजिकल पार्क में ही 3 एकड़ जमीन पर 30 करोड़ रुपये की लागत से कलाग्राम का निर्माण किया जाएगा। लेकिन मुख्य सड़क से इस परियोजना स्थल तक पहुंचने के लिए सड़क नहीं है। वार्ड संख्या 13 संझाई में महेसरा ओवरब्रिज के इकोलॉजिक पार्क के गेट तक 8.07 करोड़ रुपये पहुंच मार्ग बनाया जाएगा।
नन्दानगर में सड़क सुधार पर 5.36 करोड़ रुपये खर्च होंगे :
वार्ड संख्या 07 महादेव झारखण्डी टुकड़ा नम्बर 02 के नन्दानगर में सैनिक विस्तार सेक्टर ए, बी और डी में बिटूमिन सड़क, साइड पटरी एवं आरसीसी नाली का निर्माण 4.45 करोड़ रुपये से किया जाएगा। इसी वार्ड में पीआरएस स्कूल के पास सीसी सड़क एवं साइड पटरी एवं आरसीसी नाली निर्माण पर 91 लाख रुपये खर्च होंगे।
इन वार्डों में भी होंगे सड़क सुधार के कार्य :
मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने बताया कि वार्ड संख्या 09 नकहा में 26.60 लाख रुपये से और गंगा टोला में 1 करोड़ 63 लाख 25 हजार रुपये से सड़क सुधार होगा। बाबा राघवदास नगर की परशुराम कॉलोनी के विभिन्न गलियों में 66.54 लाख, मदन मोहन मालवीय नगर में 59.98 लाख, खोराबार के जंगल सिकरी में 85.92 लाख, चरगांवा मिलेनियम सिंटी में 86.44 लाख, बड़गो में 72.47 लाख, शिवपुर में 0124. 24 लाख, मोहनपुर में 154.04 लाख, मानसरोवर में 215.96 लाख, गुलरिहा में 138.78 लाख, हरसेवकपुर में 30.25 लाख, भरवलिया में 211 लाख, महाराणा प्रताप नगर में 313.17 लाख, रघुपति सहाय फिराक नगर में 158 लाख, विकासनगर में 229.77 लाख, सरदारभगत सिंह नगर में 108.08 लाख, महर्षि दधिचि नगर में 77.68 लाख, सिविल लाइन प्रथम में 46 लाख और राप्तीनगर में 51.75 लाख रुपये से सड़क सुधार के काम होंगे।


