अगले माह तैयार हो जाएगा नगर निगम का वाहन रिपेयरिंग वर्कशॉप
Gorakhpur News - गोरखपुर नगर निगम की गाड़ियों की मरम्मत अब निगम के वर्कशॉप में होगी। महेवा में 2.5 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह वर्कशॉप जुलाई में तैयार होगा। नगर आयुक्त गौरव सिंह ने मुख्यमंत्री से लोकार्पण कराने...

गोरखपुर। मुख्य संवाददाता। गोरखपुर नगर निगम की गाड़ियों की मरम्मत अब जल्द ही निगम के अपने वर्कशॉप में की जा सकेगी। महेवा में 2.5 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह वाहन रिपेयरिंग वर्कशॉप जुलाई में बन कर तैयार हो जाएगा। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लोकार्पण कराने की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। फिलहाल सिविल वर्क लगभग पूरा हो चुका है। मरम्मत कार्यों के लिए अत्याधुनिक कंप्यूटराइज्ड मशीनों की खरीद के लिए 20 लाख रुपये की टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। जल्द ही मशीनों को इंस्टॉल करने का काम भी शुरू हो जाएगा।
नगर निगम के पास वर्तमान में 300 से अधिक वाहन हैं, जिनकी मरम्मत के लिए बाहरी एजेंसियों पर निर्भर रहना पड़ता है। इस कारण समय और धन दोनों अधिक लगता था। वर्कशॉप के शुरू हो जाने से यह समस्या खत्म हो जाएगी। निगम के अनुसार, इससे सफाई व्यवस्था और अन्य जरूरी सेवाएं भी पहले से बेहतर होंगी। वर्कशॉप में केवल मरम्मत कार्य होंगे। वाहनों की पार्किंग और उपकरण भंडारण के लिए महानगर में चार जगह सहारा एस्टेट के पास, महेसरा, बेतियाहाता और मुंशी प्रेमचंद पार्क के पास पार्किंग और स्टोर बनाया जा रहा है। जल्द ही उनका निर्माण भी शुरू हो जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।