Gorakhpur News: 1.72 करोड़ खर्च, वसूली सिर्फ 28 लाख, परिवर्तन दल और ईटीएफ पर उपसभापति ने उठाए सवाल
Gorakhpur News: गोरखपुर नगर निगम की कार्यकारिणी ने परिवर्तन दल और ईटीएफ के खर्च तथा कामकाज की समीक्षा का सुझाव दिया। निगम अब सात रैन बसेरों का संचालन और रखरखाव करेगा, जिनमें 489 लोगों के ठहरने की क्षमता है। सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण के लिए 20 लाख रुपये मंजूर हुए। कमर्शियल कॉम्प्लेक्स की संभावनाएं तलाशने को कमेटी बनेगी और पशु पर्यवेक्षक आशुतोष पाण्डेय कार्यमुक्त होंगे।
Gorakhpur News: राजीव दत्त पाण्डेय। गोरखपुर।
परिवर्तन दल और ईटीएफ के खर्च पर सवाल
नगर निगम के परिवर्तन दल और ईटीएफ पर सालाना करीब 1.72 करोड़ रुपये खर्च और मुकाबले दोनों टीमों की वसूली करीब 28 लाख रुपये खर्च हो रहे हैं। कार्यकारिणी की बैठक में उपसभापति पूनम सिंह ने प्रस्ताव रखकर सवाल उठाया है कि जब इतनी बड़ी धनराशि खर्च हो रही है तो उसके अनुरूप प्रवर्तन कार्यों और जनहित के परिणामों का आकलन भी होना चाहिए।
परिवर्तन दल और ईटीएफ में गार्ड सहित करीब 54 कर्मचारी तैनात हैं। इनकी स्वीकृत संख्या, वास्तविक उपस्थिति, ड्यूटी चार्ट और रोजाना किए जाने वाले काम की समीक्षा कराने का सुझाव दिया। अधिकारियों के आवासों पर ईटीएफ कर्मियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए करीब 1.50 करोड़ रुपये वेतन, 12 लाख रुपये वाहन किराये और 10 लाख रुपये डीजल पर खर्च होने की जानकारी दी। वाहनों की लॉगबुक, किलोमीटर रीडिंग और ईंधन खर्च का मिलान कर निजी या अनावश्यक इस्तेमाल रोकने की मांग भी की। 28 लाख रुपये की वसूली ही दोनों टीमों के काम का पूरा पैमाना नहीं है। अतिक्रमण हटाने, चालान और अन्य प्रवर्तन कार्यों के परिणामों का भी आकलन करने का सुझाव दिया गया है।
सात रैन बसेरों की जिम्मेदारी नगर निगम को
अब नगर निगम संभालेगा शहर के सात रैन बसेरों की व्यवस्था
महानगर के सात रैन बसेरों के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी अब नगर निगम संभालेगा। राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत संचालित इन रैन बसेरों में साफ-सफाई, बिजली-पानी, मरम्मत और सुरक्षा की व्यवस्था नगर निगम करेगा। शुक्रवार को कार्यकारिणी ने इसकी मंजूरी दे दी। इनके संचालन और रखरखाव का खर्च नगर निगम निधि से उठाया जाएगा। इन सात रैन बसेरों में कुल 489 लोगों के ठहरने की क्षमता है। शाहपुर, बशारतपुर, झूलेलाल मंदिर, बीआरडी मेडिकल कॉलेज, धर्मशाला बाजार और ट्रांसपोर्टनगर समेत अन्य क्षेत्रों में बने इन आश्रय स्थलों में बेसहारा और जरूरतमंद लोगों को रात गुजारने की सुविधा मिलती है। व्यवस्था नगर निगम के हाथ में आने से इनके रखरखाव और जरूरी सुविधाओं की निगरानी की जिम्मेदारी भी निकाय की होगी।
20 लाख रुपये से होगा शहर का सौंदर्यीकरण
20 लाख से होगा महानगर का सौंदर्यीकरण
आगामी त्योहारों और मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों को देखते हुए नगर निगम सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण कराएगा। इसके तहत शहर में वॉल पेंटिंग, वॉल राइटिंग और त्रिआयामी (3डी) पेंटिंग कराई जाएगी। इसके लिए 20 लाख रुपये खर्च की मंजूरी दी गई। शासन से सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) मद में धनराशि आवंटित नहीं होने के कारण इस काम पर खर्च नगर निगम निधि से करने की तैयारी है। निर्धारित दरों के मुताबिक, वॉल पेंटिंग पर 44.50 रुपये, वॉल राइटिंग पर 38.50 रुपये और 3डी पेंटिंग पर 1975 रुपये प्रति वर्ग फीट खर्च होंगे।
कमर्शियल जमीनों के इस्तेमाल के लिए बनेगी कमेटी
निगम क्षेत्र की कामर्शियल जमीनों के इस्तेमाल को गठित होगी
पार्षद जिलाउल इस्लाम ने कार्यकारिणी की बैठक में सड़क चौड़ीकरण में 200 से ज्यादा दुकानें टूटने से आवंटियों के समक्ष संकट और निगम की आय का मसला उठाया। इस पर निर्णय हुआ कि राहत देने के लिए कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाने की संभावनाएं तलाशने के लिए महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कमेटी गठित की जाएगी। कमेटी उपयुक्त जमीन चिह्नित करने के साथ कॉम्प्लेक्स निर्माण की रूपरेखा तय करेगी। कमेटी में नगर निगम के प्रशासनिक और निर्माण विभाग के एक-एक अधिकारी के साथ दो पार्षद शामिल रहेंगे।
पशु पर्यवेक्षक और पशु कल्याण अधिकारी पर निर्णय
पशु पर्यवेक्षक आशुतोष पाण्डेय कार्यमुक्त होंगे
नगर निगम कार्यकारिणी ने पशु पर्यवेक्षक आशुतोष पाण्डेय को कार्यमुक्त करने का निर्णय लिया है। उपसभापति पूनम सिंह ने पशु पर्यवेक्षक के पद की स्वीकृति, नियुक्ति प्रक्रिया, सेवा शर्तों और निर्धारित कार्यों पर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई पद ही नगर निगम में नहीं है। आशुतोष 2024 से निगम में आउटसोर्सिंग पर तैनात थे।
पशु कल्याण अधिकारी के पद की उपयोगिता की होगी समीक्षा
उपसभापति पूनम सिंह ने नगर निगम में पशु कल्याण अधिकारी के पद की स्वीकृति, कार्यदायित्व और उपयोगिता की समीक्षा की मांग की। कहा कि निजी चिकित्सकों से पशुओं का उपचार कराने की स्थिति में अधिकारी के विशिष्ट दायित्व भी स्पष्ट किए जाए। पद या नियुक्ति नियमों के अनुरूप नहीं मिलने पर कार्यमुक्त करने समेत अन्य कार्रवाई पर निर्णय लिया जाए। वहीं, घायल, बीमार और बेसहारा पशुओं के प्राथमिक उपचार के लिए दो प्रशिक्षित पैरावेट कर्मियों की तैनाती का प्रस्ताव भी रखा।


