Gorakhpur News: गोरखपुर नगर निगम सेबी में पंजीकृत होने वाला सूबे का सातवां निगम बना
Gorakhpur News: गोरखपुर नगर निगम ने 80 करोड़ रुपये के म्यूनिसिपल बॉन्ड के लिए सेबी में पंजीकरण कराया। महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव एवं नगर आयुक्त अजय जैन ने टीम को शुभकामनाएं दी। बॉन्ड से जुटाई गई रकम से जलकल भवन परिसर में व्यावसायिक परिसर विकसित करने की योजना है।
Gorakhpur News: गोरखपुर, राजीव दत्त पाण्डेय नगर निगम के 80 करोड़ रुपये के म्यूनिसिपल बॉन्ड के लिए बुधवार की रात 11 बजे के करीब गोरखपुर नगर निगम भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) में पंजीकृत हो गया। इसके साथ ही सेबी में पंजीकृत होने वाले गोरखपुर नगर निगम सूबे का सांतवा नगर निगम बन गया। महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव एवं नगर आयुक्त अजय जैन ने बॉन्ड पंजीकरण के लिए गठित टीम को हार्दिक शुभकामनाएं दी।
पंजीकरण की प्रक्रिया
निर्धारित समय में पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण होने पर बॉन्ड कंसलटेंट अनुराग अरुण, मर्चेंट बैंकर्स एके कैपिटल के सचिन झा, टिप्सन के निखिल, अभिनव श्रीवास्तव, सौरभ अग्रवाल और लॉ फर्म राजरानी भल्ला की मेघना सिंह, लेखाधिकारी नागेंद्र सिंह ने हर्ष व्यक्त किया। एक दूसरे को बधाई दी। तत्काल महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव एवं नगर आयुक्त अजय जैन को इसकी जानकारी दी गई।
आवश्यक बैंक खाते
लेखाधिकारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि 80 करोड़ रुपये के बॉन्ड के लिए डबल ए क्रेडिट रेटिंग मिल चुकी है। साथ ही एचडीएफसी बैंक में एस्क्रो खाता समेत आवश्यक बैंक खाते खोले जा चुके हैं। अब जब पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, जल्द ही नगर निगम के एस्क्रो एकाउंट में 80 करोड़ रुपये आ जाएंगे। उसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में नगर निगम के म्यूनिसिपल बॉन्ड की लिस्टिंग की जाएगी। यह आयोजन गोरखपुर से ही किया जाएगा।
सीएम की प्राथमिकता वाली परियोजना
नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक बॉंड से जुटाई जाने वाली रकम से जलकल भवन परिसर में व्यावसायिक परिसर विकसित करने की योजना है। बॉंड जारी करने की दिशा में पंजीकरण के बाद अगली औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। लेखाधिकारी नागेंद्र सिंह के अनुसार टीम लगातार काम कर रही है। जरूरी दस्तावेजों को पूरा करने की प्रक्रिया तेज है।
सेबी में पंजीकृत सूबे के नगर निगम-बॉन्ड रकम
लखनऊ नगर निगम 2020 200 करोड़
गाजियाबाद नगर निगम 2021 150 करोड़
आगरा नगर निगम 2025 50 करोड़
प्रयागराज नगर निगम 2025 50 करोड़
वाराणसी नगर निगम 2025 50 करोड़
मुरादाबाद नगर निगम 50 करोड़
गोरखपुर नगर निगम 80 करोड़
खास-खास
-जल्द नगर निगम जारी करेगा 80 करोड़ रुपये का म्यूनिसिपल बॉंड
-गोरखपुर से ही सीएम योगी करेंगे बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में लिस्ट

