महानगर में तिमंजिला बनेंगे तीन रैन बसेरे
Gorakhpur News - गोरखपुर नगर निगम ने निराश्रित और जरूरतमंदों के लिए तीन नए रैन बसेरों का निर्माण करने का प्रस्ताव किया है। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत 10 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृति के लिए भेजी गई है। ये रैन बसेरे 100 बेड की क्षमता के होंगे और महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग सुविधाएँ प्रदान करेंगे।

गोरखपुर, मुख्य संवाददाता। महानगर में निराश्रित और जरूरतमंदों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने की दिशा में गोरखपुर नगर निगम ने अच्छी पहल की है। निगम ने नगर क्षेत्र में तीन नए रैन बसेरों के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत 10 करोड़ रुपये की परियोजना शासन में स्वीकृति के लिए प्रस्तावित है। ये रैन बसेरे कम से कम 100 बेड की क्षमता के बनाए जाएंगे। नगर निगम ने मानवीय सुविधाओं के विस्तार को मजबूती देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विधानसभा क्षेत्र शहर विधानसभा के बरगदवा, राप्तीनगर और महानगर के मध्य तीन रैन बसेरे बनाने की परियोजना बनाई है।
बरगदवा में रैन बसेरा प्राथमिक विद्यालय, नकहा नगर नम्बर 2 के पुराने जर्जर भवन को तोड़ कर बनाया जाएगा। राप्तीनगर वार्ड में परिवहन विभाग के वर्कशॉप परिसर मेंकी जमीन पर रैन बसेरा प्रस्तावित है। वहीं तीसरे रैन बसेरा के लिए महानगर के मध्य जमीन की तलाश जारी है। महापौर डॉ मंगलेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना में गठित पांच सदस्यीय कमेटी जिसमें जिलाधिकारी दीपक मीणा, नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल, जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ने स्वीकृति दी है। फिलहाल डूडा और नगर निगम से तहत 14 रैन बसेरे संचालित हो रहे हैं। भूतल व द्वितीय तल पुरुष, प्रथम तल महिला के लिए होगा मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने बताया कि प्रस्तावित रैन बसेरा ग्राउंड, प्रथम और द्वितीय तल युक्त होंगे। इनमें भूतल और द्वितीय तल पुरुषों के लिए जबकि प्रथम तल महिलाओं के लिए आरक्षित होगा। इन रैन बसेरो की चाहरदीवारी, केयरटेकर कक्ष, किचन, टॉयलेट, स्नानागार, बेबी फीडर रुम भी बनाया जाएगा। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा, ठंड के मौसम में सड़क पर रहने वाले लोगों को राहत देने के लिए नगर निगम ने तीन रैन बसेरा बनाने के लिए 10 करोड़ रुपये की परियोजना बनाई है। शासन में स्वीकृति के लिए परियोजना प्रस्तावित है। स्वीकृति के उपरांत रैन बसेरों का निर्माण कराया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




