Gorakhpur News: नगर निगम कार्यकारिणी के छह सदस्यों का चुनाव आज

हिन्दुस्तान, गोरखपुर
Follow us on Google News
share

Gorakhpur News: गोरखपुर नगर निगम की 21वीं बैठक महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में होगी। बैठक में भाजपा के 5 और समाजवादी पार्टी के 1 नए सदस्य का चुनाव होगा। चुनाव प्रक्रिया में नामांकन, नाम वापसी और मतगणना की तिथियों का निर्धारण किया जाएगा। भाजपा नए चेहरों को जिम्मेदारी देने की योजना बना रही है।

नगर निगम कार्यकारिणी के छह सदस्यों का चुनाव आज

Gorakhpur News: गोरखपुर, प्रमुख संवाददाता। नगर निगम सदन की 21वीं बैठक गुरुवार को महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में होगी। बैठक में कार्यकारिणी समिति के छह नए सदस्यों का चुनाव कराया जाएगा। इनमें पांच सदस्य भाजपा और एक सदस्य समाजवादी पार्टी से होगा। दोनों दलों में नामों पर सहमति बनने के बाद चुनाव सर्वसम्मति से होने की संभावना है। बैठक सुबह 11 बजे नगर निगम के नवनिर्मित सदन हाल में होगी。

नगर निगम की वर्तमान कार्यकारिणी

नगर निगम की वर्तमान कार्यकारिणी में महापौर के अलावा उपसभापति पवन कुमार त्रिपाठी, श्रवण पटेल, ऋषि मोहन वर्मा, रमेश यादव, छोटेलाल गुप्ता, सरोज पासवान, जिलाउल इस्लाम, अशोक कुमार मिश्र, रामगति निषाद, पूनम सिंह, मीरा यादव और रंजुला यादव सदस्य हैं। कार्यकाल पूरा होने पर भाजपा के उपसभापति पवन कुमार त्रिपाठी, ऋषि मोहन वर्मा, छोटेलाल गुप्ता, श्रवण पटेल और सरोज पासवान स्वतः कार्यकारिणी से बाहर हो जाएंगे। समाजवादी पार्टी के रमेश यादव का कार्यकाल भी पूरा हो रहा है। कार्यकारिणी की सदस्यता समाप्त होने के साथ ही पवन कुमार त्रिपाठी का उपसभापति पद भी रिक्त हो जाएगा। नए उपसभापति के चुनाव की तिथि बाद में तय की जाएगी।

यह है चुनाव कार्यक्रम

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार कार्यकारिणी सदस्यों के लिए नामांकन सुबह 11:30 बजे से 12:30 बजे तक होगा। इसके बाद 12:30 से 12:45 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच और 12:45 से एक बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया चलेगी। यदि आवश्यक हुआ तो दोपहर दो से शाम चार बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। हालांकि, सर्वसम्मति बनने की स्थिति में मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

भाजपा नए चेहरों पर लगाएगी दांव

नगर निगम कार्यकारिणी के चुनाव में भाजपा इस बार नए चेहरों पर दांव लगाएगी। पार्टी ने मौजूदा बोर्ड में कार्यकारिणी सदस्य रहे पार्षदों को दोबारा मौका नहीं देने का निर्णय लिया है। कार्यकारिणी सदस्यों का निर्वाचन सर्वसम्मति से कराने की तैयारी है। इसके लिए नामों की घोषणा गुरुवार सुबह निगम सदन की बैठक से पहले की जाएगी।

..और सपा चंद्रभान प्रजापति को बनाएगी कार्यकारी सदस्य

नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी पार्षद दल की मैराथन बैठक में वार्ड संख्या-23 शहीद शिव सिंह क्षेत्रीनगर के पार्षद चंद्रभान प्रजापति के नाम पर सहमति बनी। नेता पार्षद दल अशोक यादव की अध्यक्षता और बृजेंद्र अग्रहरि के संचालन में करीब पांच घंटे चली बैठक में रायशुमारी के बाद यह निर्णय लिया गया।

बैठक में वार्ड संख्या-61 साहबगंज से शहाब अंसारी, वार्ड संख्या-63 जगन्नाथपुर से दिलशाद अहमद और वार्ड संख्या-23 से चंद्रभान प्रजापति के नाम पर चर्चा हुई। चंद्रभान वर्तमान सदन में सर्वाधिक मतों से जीतकर आए हैं। वह तीन बार पार्षद रह चुके हैं। वहीं, शहाब अंसारी दूसरी और दिलशाद अहमद पहली बार पार्षद बने हैं। बैठक में तय किया गया कि चुनाव में सर्वसम्मति बनाने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान जिलाउल इस्लाम, विवेक मिश्रा, रमेश यादव, शाहिद अख्तर, अमीरुद्दीन अंसारी, मनोज त्रिपाठी, अभिषेक पासवान, नूर मोहम्मद समेत कई पार्षद और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

पूर्व पार्षद श्रवण यादव को दी श्रद्धांजलि

नगर निगम सदन बैठक में बुधवार को समाजवादी पार्टी के पूर्व पार्षद दिवंगत श्रवण कुमार यादव को श्रद्धांजलि दी गई। महापौर डॉ मंगलेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उपसभापति पवन त्रिपाठी समेत तकरीबन सभी पार्षद मौजूद रहे। इसके बाद बैठक रद्द कर दी गई। जटेपुर रेलवे कॉलोनी वार्ड से चार बार सपा से पार्षद रहे पूर्व पार्षद श्रवण यादव का विगत 8 जुलाई को निधन हो गया। बैठक में अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव, अगर अतुल कुमार, मुख्य अभियंता अमित शर्मा, पार्षद जिलाउल इस्लाम, अशोक यादव, ऋषि मोहन वर्मा, रणंजय सिंह जुगनू, अजय राय, पूनम सिंह, चंद्रभान प्रजापति, राजेंद्र कुमार तिवारी, विश्वजीत त्रिपाठी, दिलशाद अहमद समेत तकरीबन सभी वार्डों के पार्षद उपस्थित रहे।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

नगर निगम की 21वीं बैठक कब होगी?
नगर निगम की 21वीं बैठक गुरुवार को महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में होगी।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUttar-pradesh NewsGorakhpur NewsGorakhpur News: नगर निगम कार्यकारिणी के छह सदस्यों का चुनाव आज