नगर निगम सदन की 15वीं बैठक पर बहिष्कार का साया
Gorakhpur News - गोरखपुर नगर निगम की 15वीं सदन बैठक में भाजपा पार्षदों के बहिष्कार का खतरा उत्पन्न हो गया है। कान्हा उपवन नगर के पार्षद छोटे लाल के भतीजे के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद पार्षद आक्रोशित हैं। महापौर ने...

गोरखपुर। मुख्य संवाददाता। ढाई माह के लम्बे इंतजार के बाद सोमवार को होने वाली गोरखपुर नगर निगम की 15वीं सदन बैठक पर भाजपा पार्षदों के बहिष्कार का साया मडराने लगा है। कान्हा उपवन नगर वार्ड 38 से भाजपा पार्षद छोटे लाल के भतीजे के खिलाफ अनुसूचित जाति-जनजाति अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज किए जाने से भाजपा पार्षद आक्रोशित हैं। वहीं, शनिवार को 18 की संख्या में भाजपा पार्षदों ने महापौर डॉ मंगलेश कुमार श्रीवास्तव से मुलाकात कर मुकदमा वापस कराने का दबाव बनाया। हालांकि महापौर ने पार्षदों को बात सुनने के बाद उन्हें नगर आयुक्त से वार्ता करने की सलाह दी है।
नगर निगम के मेट राम चरण भारती ने राजघाट थाने में भाजपा पार्षद छोटे लाल के भतीजे रिंकू, उसके साथी सत्य प्रकाश और 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ वीएनएस-2023 और एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में 29 सितंबर को मुकदमा दर्ज कराया। आरोप है कि आरोपियों ने महेवा हाजिरी स्थल पर सुपरवाइजर सुजीत कुमार और मेट राम चरण भारती पर हमला बोल दिया। जातिसूचक गालियां दी लेकिन भाजपा पार्षद इस पूरे प्रकरण बढ़ा चढ़ा कर मुकदमा दर्ज कराने का आरोप लगा रहे हैं। कान्हा उपवन नगर के पार्षद छोटेलाल ने बताया कि तकरीबन 18 की संख्या में भाजपा पार्षदों ने महापौर से मुलाकात की। उधर भाजपा पार्षदों ने बैठक का कोरम पूरा न हो, इसके लिए समाजवादी पार्टी के पार्षदों से भी सहयोग की अपील कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी के पार्षद भी पार्षद हित में साथ हैं। उधर महापौर डॉ मंगलेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा पार्षदों ने मुलाकात किया था। मैने उन्हें नगर आयुक्त से वार्ता करने की सलाह दी है। पार्षदों में विभिन्न वार्डो में अवर अभियंताओं को न हटाए जाने से भी एतराज है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




