Hindi NewsUttar-pradesh NewsGorakhpur NewsGorakhpur Municipal Corporation Distributes 2000 Home Composters to Promote Composting from Kitchen Waste
अब घर में बनेगी खाद: गोरखपुर नगर निगम कर रहा 2000 कम्पोस्टर का वितरण

अब घर में बनेगी खाद: गोरखपुर नगर निगम कर रहा 2000 कम्पोस्टर का वितरण

संक्षेप:

Gorakhpur News - गोरखपुर नगर निगम 2000 सेट होम कम्पोस्टर और वेस्ट डीकम्पोजर का वितरण कर रहा है, जिससे नागरिक अपने घर में गीले कचरे से खाद तैयार कर सकेंगे। यह पहल स्वच्छ भारत मिशन के तहत की जा रही है, जिससे पर्यावरण की रक्षा और बागवानी में मदद मिलेगी।

Dec 20, 2025 10:58 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गोरखपुर
share Share
Follow Us on

महानगर में घरों से निकलने वाले कीचन वेस्ट से होम कम्पोस्टिंग को बढ़ावा देने के लिए गोरखपुर नगर निगम 2000 सेट होम कम्पेस्टर (कंपोस्ट डस्टबिन) और वेस्ट डीकम्पोजर का वितरण कर रहा है। इनकी मदद से महानगरवासी अपने घर में ही गीले कचरे से खाद तैयार कर उनका उपयोग अपनी बागवानी के लिए कर सकेंगे। होम कम्पोस्टर सेट के साथ मिलने वाला वेस्ट डीकम्पोजर जैविक कचरे को तेजी से खाद में बदलने में मददगार साबित होता है। वितरण के साथ ही नागरिकों को होम कम्पोस्टिंग के गुर भी सिखाए जा रहे हैं। इस कदम से जहां मिट्टी के स्वास्थ्य में सुधार होगा।

पर्यावरण की सुरक्षा के साथ नागरिकों की जेब पर भार भी नहीं पड़ेगा। यह होम कम्पोस्टर और वेस्ट डीकम्पोजर बागवानी में रुचि रखने वाले नागरिकों को मुफ्त वितरित किया जा रहा है। हेरिटेज फाउंडेशन की संरक्षिका डॉ. अनिता अग्रवाल कहती हैं कि नगर निगम की यह पहल न केवल पर्यावरण की रक्षा करेगी, बल्कि नागरिकों को गीले कचरे से स्व निस्तारण के लिए प्रेरित भी करेगी। खास तौर पर डिजाइन है यह होम कम्पोस्टर नगर निगम ने इस होम कम्पोस्टर को खास तौर पर डिजाइन कराया है। यह होम कम्पोस्टर डस्टबिन दो हिस्सों में विभाजित है। ऊपरी हिस्से में कचरा और वेस्ट डिकम्पोजर मिलाने के लिए स्टील का हैंडल और मिक्सर लगा है। निचले हिस्से में तैयार खाद का लिक्विड हिस्सा (लीचेट) निकालने के लिए एक टोटी भी दी गई है।

अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्र ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत यह होम कम्पोस्टर का सेट और डिम्पोजर सिर्फ उन्हीं लोगों को दिया जा रहा है जो बागवानी करते हैं। इससे सुनिश्चित किया जाएगा कि घर से निकलने वाले गीले कचरे से खाद बनाई जाए। जिसे वे अपनी बागवानी में इस्तेमाल कर सके। यह उनके पौधे के लिए बाजार के खाद खरीदने के व्यय भी खत्म करेगी।