सीएम ग्रिड योजना के चौथे चरण के लिए सड़कों का चयन शुरू
Gorakhpur News - गोरखपुर नगर निगम ने वित्त वर्ष 2025-26 में 109 फीसदी की अधिक राजस्व वसूली की है, जिससे उसे वित्त वर्ष 2026-27 में सीएम ग्रिड योजना के चौथे चरण के लिए 100 करोड़ रुपये की धनराशि मिलेगी। नगर निगम ने सड़कों के चयन के लिए सर्वेक्षण शुरू कर दिया है, जिससे स्मार्ट सड़कों की नई श्रृंखला तैयार की जा रही है।
गोरखपुर, मुख्य संवाददाता। गोरखपुर नगर निगम ने वित्त वर्ष 2025-26 में 109 फीसदी की अधिक राजस्व (216.65 करोड़ रुपये)वसूली करते हुए उत्तर प्रदेश के 17 नगर निगमों में पहला स्थान हासिल किया है। इस वृद्धि के कारण सीएम ग्रिड योजना के तहत गोरखपुर नगर निगम को वित्त वर्ष 2026-27 में योजना के चौथे चरण के लिए 100 करोड़ रुपये की धनराशि मिलेगी। लिहाजा गोरखपुर नगर निगम ने चौथे चरण के लिए सड़कों के चयन के लिए सर्वेक्षण शुरू कर दिया है। नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित कुमार शर्मा के निर्देश पर नगर निगम के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और अवर अभियंता सर्वेक्षण कर ऐसी सड़कों का चयन कर प्रस्तावित कर रहे हैं। ताकि उस पर जल्द से जल्द निर्णय लिया जा सके। योजना के तहत ऐसी सड़कों का किया जाएगा जो कम से कम 10 मीटर चौड़ी (आरओडब्ल्यू) हो। जिला स्तर पर सड़कों का चयन कर जिला स्तरीय कमेटी की स्वीकृति के उपरांत शासन में चयन के लिए भेजा जाएगा。
स्मार्ट सड़कों की नई श्रृंखला
इस योजना के तहत महानगर में पर्यावरण को बिना कोई नुकसान पहुंचाए इस योजना के तहत गोरखपुर में स्मार्ट सड़कों की नई श्रृंखला तैयार हो रही है। सीएम ग्रिड के तहत पहले चरण की स्मार्ट सड़क लगभग बन गई है जबकि दूसरे चरण में चयनित सड़कों पर काम तेजी से चल रहा है। इसके अलावा तीसरे चरण के मुख्य और पूरक सूची में कुल 06 मार्गों पर स्मार्ट सड़क बनाने के धनराशि स्वीकृत होने के उपरांत टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। स्मार्ट सड़कों के लिए गोरखपुर के हिस्से अबतक करीब 340 करोड़ रुपये की धनराशि आ चुकी है।
सीएम ग्रिड के तहत सड़कों का विवरण
गोरखपुर शहर में सीएम ग्रिड
प्रथम चरण : राप्तीनगर क्षेत्र की तीन सड़कें 44 करोड़ रुपये से लोकार्पित हो चुकी हैं।
द्वितीय चरण : छात्रसंघ चौक से अंबेडकर चौक होते हुए शास्त्री चौक, शिवाय होटल से विजय चौक होते हुए गणेश चौक, कालीमंदिर से गोलघर होते हुए कचहरी चौक, ऐशप्रा तिराहा से अंबेडकर चौक, हरिओम नगर तिराहा से होटल शिवाय। स्वीकृत धनराशि 53.68 करोड़ रुपये 30 फीसदी से अधिक निर्माण हो चुका है।
तृतीय चरण : 45.68 करोड़ से गणेश चौक से विश्वविद्यालय चौक एवं अलंकार ज्वेलर्स से एचपी स्कूल, डीएम आवास होते हुए हरिओम नगर तिराहा तक। 23.43 करोड़ रुपये से स्पोर्ट्स कॉलेज रोड से जायसवाल मार्ट होते हुए पुलिया तक और 21.60 करोड़ से कचहरी चौक से शास्त्री चौक होते हुए बेतियाहाता चौक तक सड़कों के निर्माण के लिए निविदा की प्रक्रिया जारी।
तृतीय चरण (अनुपूरक) : 63.97 करोड़ बेतियाहाता चौक से अलहदादपुर तिराहा, टीडीएम तिराहा से टीपीनगर तक एवं रैन बसेरा रोड से एनएच 28 तक, 62.09 करोड़ टीडीएम तिराहा से पांडेयहाता पुलिस चौकी होते हुए बर्फखाना रोड से हाबर्ट बंधा तक और 25.45 करोड़ रुपयेअलहदादपुर तिराहा से रायगंज होते हुए घंटाघर तक निविदा की प्रक्रिया में है।
मुख्य बिंदु
हिन्दुस्तान खास
-10 मीटर आरओडब्ल्यू से ज्यादा की सड़कों का होगा चयन
-वित्त वर्ष 2026-27 में सीएम ग्रिड में 100 करोड़ रुपये मिलेंगे
-सूबे में सबसे ज्यादा गोरखपुर नगर निगम ने एकत्र किया राजस्व
-160 करोड़ के लक्ष्य के सापेक्ष 216.65 करोड़ का राजस्व जुटाया
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


