मेडिकल कॉलेज में ढाई घंटे तक छाया रहा अंधेरा
Gorakhpur News - मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी गेट के पास पोल क्षतिग्रस्त होने से लाइन हुआ ट्रिप सुबह करीब
गोरखपुर, निज संवाददाता। बीआरडी मेडिकल कालेज बिजली निगम की लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। प्राचार्य के आवास के पास लोहे के जर्जर बिजली के खंभे से ट्रक टकरा गया। इससे बीआरडी मेडिकल कॉलेज समेत उपकेंद्र से जुड़े करीब 15 हजार उपभोक्ताओं के घरों में करीब ढाई घंटे तक अंधेरा छाया रहा। इस दौरान ओपीडी का पर्चा काउंटर ठप हो गया। इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को पर्चा बनवाने के लिए घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ा। इसके साथ ही नेहरू अस्पताल में सीटी स्कैन, एमआरआई और सेंट्रल पैथोलॉजी में जांच ठप हो गई। वार्डों में मरीजों के लिए लगे संयंत्र भी ठप हो गए।
कुछ वार्डों में जनरेटर से बिजली बहाल की लेकिन जनरल वार्ड की बिजली के साथ अन्य काम ठप रहा। सबसे ज्यादा दिक्कत पानी की आपूर्ति को लेकर हुई। वाटर हेड टैंक का मोटर पंप नहीं चल सका। इससे वार्डों में पानी की किल्लत हो गई। परिजनों ने बाहर से पानी ले जाकर मरीजों की जरूरत को पूरा किया। बाद में फाल्ट ढूंढकर करीब 11 बजे बिजली आपूर्ति सुचारू की गई। वाकया सोमवार सुबह करीब 8.30 बजे हुआ। बताया जाता है कि कैंपस में तेज रफ्तार ट्रक प्राचार्य डॉ. राम कुमार जायसवाल के आवास के पास बिजली के खंभे से टकरा गया। जर्जर हो चुका लोहे का खंभा टूट गया है। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। वहीं मेडिकल कॉलेज विद्युत उपकेंद्र की बिजली ठप हो गई। इसके बाद बिजली कर्मियों ने फॉल्ट ढूंढने के लिए पेट्रोलिंग शुरू की। तब पता चला की मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी गेट से करीब सौ मीटर की दूरी पर सड़क के कोने पर लगा जर्जर पोल क्षतिग्रस्त हो गया है और इसके तार सटने से लाइन ट्रिप कर रही थी। बिजली कर्मियों ने लाइन दुरुस्त करके करीब 11 बजे बिजली बहाल कर दी। वहीं, उपकेंद्र के अवर अभियंता त्रिलोकी मद्धेशिया को दोपहर 1.30 बजे तक मामले की जानकारी तक नहीं थी। टूट पोल से ही शुरू कर दी गई बिजली आपूर्ति जिस पोल के क्षतिग्रस्त होने से मेडिकल कॉलेज में ढाई घंटे तक बिजली गुल रही उस जर्जर पोल को बदलने की जहमत विद्युत विभाग ने नहीं उठाई। बिजली कर्मी तार को जोड़कर तो बिजली आपूर्ति शुरू कर दिए मगर खतरा अभी भी बरकरार है। यदि यह पोल जल्द नहीं बदला गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर के पास पोल में किसी गाड़ी ने टक्कर मार दिया था, जिससे पोल टूट गया था। फाल्ट ढूंढकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। अभिषेक कुमार, अधिशासी अभियंता, राप्तीनगर

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




