
भूमाफियाओं का आतंक, कब्जे के लिए बुलडोजर से गिराई दीवार
संक्षेप: Gorakhpur News - गोरखपुर के राजघाट थाना क्षेत्र के मिर्जापुर मोहल्ले में भूमाफियाओं ने एक व्यक्ति की संपत्ति पर हमला किया। बुलडोजर से बाउंड्री दीवार तोड़ने के दौरान फायरिंग की गई। पीड़ित ने बताया कि उनकी संपत्ति पर...
राजघाट थाना क्षेत्र के मिर्जापुर मोहल्ले में रविवार की सुबह करीब चार बजे भूमाफियाओं ने कब्जे की नीयत से एक व्यक्ति की संपत्ति पर हमला बोल दिया। बुलडोजर लेकर पहुंचे हमलावरों ने संपत्ति की बाउंड्री दीवार तोड़ डाली। विरोध करने पर फायरिंग की गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मोहल्ले के निवासी तरुणीश कुमार देव पुत्र स्व. विनोद बिहारी लाल ने बताया कि उनकी पैतृक संपत्ति पर लंबे समय से कुछ लोग कब्जा करने की फिराक में हैं।
इससे पहले भी ये लोग कई बार घर पर हमला कर चुके हैं और परिवार की महिलाओं के साथ दुष्कर्म की कोशिश भी की थी, जिसके खिलाफ मुकदमा दर्ज है। रविवार की सुबह में करीब 4:10 बजे सभी लोग 10–15 साथियों के साथ बुलडोजर लेकर आए और बाउंड्री गिराने लगे। जब उन्होंने विरोध किया तो हमलावरों ने ईंट-पत्थर फेंकते हुए फायरिंग शुरू कर दी। किसी तरह जान बचाकर वह वहां से भागे। इस दौरान आरोपियों ने लोहे के एंगल और वेल्डिंग का सामान लूट लिया।
घटना में संपत्ति पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पीड़ित ने बताया कि उसकी जान को गंभीर खतरा है और आरोपी किसी भी समय उसकी हत्या कर सकते हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी राजघाट ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




