51 स्टॉल, नई तकनीक और योजनाएं, गोरखपुर में 4 दिन चलेगा किसान मेला
Gorakhpur News - गोरखपुर महोत्सव-2026 के तहत 11 से 14 जनवरी तक किसान मेला आयोजित होगा। इसमें 51 स्टॉलों के माध्यम से वैज्ञानिक खेती, सरकारी योजनाओं और तकनीक का प्रदर्शन होगा। प्रगतिशील किसान व FPO उत्पाद बेच सकेंगे और प्रतिदिन आय बढ़ाने हेतु किसान संगोष्ठी व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
गोरखपुर महोत्सव-2026 के तहत आयोजित किसान मेला में 51 स्टॉल लगाने की तैयारी है। 11 जनवरी से शुरू होकर 14 जनवरी तक चलने वाले इस मेले में वैज्ञानिक तौर तरीके से खेती कर रहे किसान अपनी उपलब्धियां प्रदर्शित करेंगे। वहीं, कृषि विभाग की विभिन्न उपलब्धियों समेत किसानों के हित में शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां प्रदर्शित की जाएंगी। इस किसान मेला में कृषि विभाग, उद्यान विभाग, रेशम विभाग, भूमि संरक्षण, मृद्रा परीक्षण, कृषि विज्ञान केंद्र बेलीपार, महायोगी गोरखनाथ कृषि विज्ञान केंद्र, गन्ना विकास, खाद्य एवं प्रसंस्करण, एफपीओ के स्टॉल भी लगेंगे।

प्रगतिशील किसानों और एफपीओ को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का मिलेगा मौका
मेले के स्टॉल से कृषि उत्पाद की बिक्री भी की जा सकेगी। संयुक्त कृषि निदेशक डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि मेला में किसानों को दी जा रही सुविधाओं के साथ कृषि यन्त्रीकरण, फसल प्रबन्धन और प्राकृतिक खेती से अवगत कराया जाएगा। हर दिन होगी किसान संगोष्ठी किसान मेला में किसानों को उनकी आय दोगुना करने के लिए उन्नत एवं वैज्ञानिक खेती की नई -नई तकनीक और सरकार से मिल रही सुविधाओं के बारे में अवगत कराया जाएगा।
इसके साथ ही उर्वरक के संतुलित इस्तेमाल, सिंचाई की आधुनिक तकनीक, सोलर पम्प के इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी जाएगी। उप कृषि निदेशक धनंजय सिंह ने बताया कि किसान मेला में हर दिन सांस्कृतिक और लोक नृत्य के कार्यक्रम होंगे। इसमें गोरक्षनगरी की लोक संगीत और नृत्य की विधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




