
कालेसर और माही में 50 एकड़ जमीन का होगा अधिग्रहण
Gorakhpur News - गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) सहजनवा तहसील के कालेसर और माही गांवों में 50 एकड़ जमीन का अधिग्रहण करेगा। इस प्रक्रिया के लिए सोशल इम्पैक्ट एसेसमेंट किया जाएगा। गीडा ने पिछले वर्षों में लैंड बैंक को बढ़ाया है, जिससे औद्योगिक विकास को तेजी मिलेगी।
गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) द्वारा सहजनवा तहसील के दो गांव में औद्योगिक विकास के लिए करीब 50 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा अधिग्रहण की औपचारिकता को लेकर सोशल इम्पैक्ट एसेसमेंट के लिए विज्ञापन निकाला गया है। रिपोर्ट के बाद जमीन अधिग्रहण की कवायद तेज होगी। कालेसर में जहां 46 एकड़ तो माही में करीब 4 एकड़ जमीन का अधिग्रहण होना है। सहजनवा तहसील का माही और कालेसर ग्राम सभा पहले से ही गीडा द्वारा अधिग्रहण को लेकर अधिसूचित है। गीडा प्रशासन औद्योगिक विकास के साथ ही व्यावसायिक गतिविधियों को देखते हुए जमीन का अधिग्रहण कर रहा है।
कालेसर और माही ग्रामसभा शहर से सटे हैं। ऐसे में यहां औद्योगिक के साथ ही व्यावसायिक योजना के लिए जमीन अधिग्रहण किया जा रहा है। बता दें कि कालेसर में पहले से ही आवासीय योजना लांच हो चुकी है। यहां लुलु मॉल से लेकर अन्य प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठानों के निवेश की संभावना है। डीएम कार्यालय की तरफ से सामाजिक अध्ययन को लेकर जो विज्ञापन निकाला गया है, उसमें करीब 200 किसानों की जमीन लिए जाने की संभावना है। लैंड बैंक का तेजी से हुआ विस्तार गोरखपुर में औद्योगिक विकास की रफ्तार देने के लिए पिछले वर्षों में गीडा ने अपना लैंड बैंक बढ़ाया है। पिछले साल गीडा ने पौने नौ लाख वर्गमीटर क्षेत्रफल में औद्योगिक भूखंडों का आवंटन कर छह हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का प्लेटफार्म तैयार किया है। दक्षिणांचल के औद्योगिक विकास के लिए 6876 एकड़ क्षेत्रफल में होना है। अभी तक 1750 एकड़ से अधिक जमीन का अधिग्रहण हो चुका है। यह औद्योगिक क्षेत्र दक्षिणांचल के 17 अधिसूचित ग्रामों में बस रहा है। बोले एसीईओ औद्योगिक विकास के लिए लैंड बैंक प्राथमिक जरूरत है। गीडा के पास उद्यमियों की डिमांड पर जमीन उपलब्ध है। सहजनवा के दो गांव में प्रशासन द्वारा सोशल इम्पैक्ट एसेसमेंट कराया जाना है। - राम प्रकाश, एसीईओ, गीडा

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




