पांच खेलों की राष्ट्रीय प्रतियोगिता की आज फुटबॉल से होगा शुभारम्भ
Gorakhpur News - - गोरखपुर में पूरे एक महीने तक सजेगा खेलों का महाकुंभ, जुटेंगे कई खिलाड़ी -

गोरखपुर, निज संवाददाता। गोरखपुर के खेल जगत के इतिहास में इस बार एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। सीआईएससीई की ओर से जिले में पहली बार पांच खेलों की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसकी शुरुआत रविवार को सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में होने वाली फुटबॉल गर्ल्स प्रतियोगिता से होगी। इसमें आईसीएसई और आईएससी बोर्ड से संबंधित खिलाड़ी हिस्सा ले रहे है। फुटबॉल के साथ क्रिकेट, वॉलीबॉल, थ्रो बॉल और बास्केटबॉल की प्रतियोगिताएं भी होंगी, जिससे गोरखपुर में पूरे एक महीने तक खेलों का महाकुंभ सजेगा। फुटबॉल प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की टीमें मैदान पर अपना दमखम दिखाएंगी।
इसमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड महाराष्ट्र, कर्नाटक, गोवा, पश्चिम बंगाल, नॉर्थ वेस्ट, नॉर्थ इंडिया, तमिलनाडु-पुदुच्चेरी, अंडमान व निकोबार और आंध्र प्रदेश, तेलंगाना की खिलाड़ी शामिल होंगी। उद्घाटन समारोह रविवार को सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में होगा। मैच रोज सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक खेला जाएगा। शनिवार को स्टेपिंग स्टोन इंटर कॉलेज सूरजकुंड में पंजीकरण किया गया। यह गोरखपुर के लिए बड़ी उपलब्धि है। पहली बार पांच खेलों की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी हमें मिली है। देशभर से आए खिलाड़ी यहां होटलों में ठहर रहे हैं। इससे न सिर्फ खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि गोरखपुर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान भी मिलेगी। - राजीव गुप्ता, डायरेक्टर, स्टेपिंग स्टोन इंटर कॉलेज
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




