
युवक को पीटने का वीडियो वायरल, फारेस्ट गार्ड निलंबित
Gorakhpur News - गोरखपुर में मोइनाबाद फारेस्ट चौकी के कर्मियों ने एक युवक के साथ मारपीट की। युवक की पहचान दिनेश निषाद के रूप में हुई है, जो चौकी के पास काम कर रहा था। डीएफओ विकास यादव ने वायरल वीडियो के आधार पर फारेस्ट गार्ड विवेक मौर्य को निलंबित किया और जांच शुरू की।
गोरखपुर, कार्यालय संवाददाता। वन प्रभाग के मोइनाबाद फारेस्ट चौकी पर तैनात कर्मियों ने एक युवक के साथ मारपीट की थी। सड़क पर डंडे से पीटने के बाद घसीटकर चौकी के अंदर ले गए। मामले का वीडियो वायरल होने के बाद डीएफओ विकास यादव ने फारेस्ट गार्ड विवेक मौर्य को निलंबित कर दिया है। साथ ही विभागीय जांच शुरू करा दी है। हालांकि, वायरल वीडियो के सत्यता की पुष्टि आपका अपना अखबार ‘हिन्दुस्तान’ नहीं करता है। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक की पहचान जंगल बब्बन के टोला पोखरहवा निवासी दिनेश निषाद के रूप में हुई है। आरोप है कि वह चौकी के पास कुछ काम कर रहा था, जिसे देखने के बाद चौकी के कर्मियों ने मना किया।
इस पर दोनों में विवाद हो गया। आरोप है कि इससे नाराज होकर फारेस्ट गार्ड विवेक मौर्य व अन्य ने युवक से मारपीट शुरू कर दी। बीच सड़क पर युवक को पटक-पटक कर लात और डंडे से पीटा। इसके बाद चौकी के अंदर ले गए, जहां सभी ने मिलकर मारा पीटा। वायरल वीडियो में भी पीटने का मामला दिख रहा है। इसमें युवक को चार से पांच लोगों ने पकड़ा है और उसे पीट रहे हैं। नीचे गिरने के बाद लात और डंडे से पीट रहे हैं। डीएफओ विकास यादव ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर फारेस्ट गार्ड विवेक मौर्य को निलंबित करते हुए जांच शुरू करा दी गई है। विभागीय जांच में दोषी मिलने के बाद अन्य के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




