विकास का मॉडल बन रहा गोरखपुर : योगी

Feb 14, 2026 05:00 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गोरखपुर
share

Gorakhpur News - गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास के मॉडल का लोकार्पण किया। उन्होंने चौड़ी सड़कों, जलभराव की समस्या के समाधान और फोरलेन कनेक्टिविटी पर जोर दिया। उन्होंने दिल्ली के वायु प्रदूषण की तुलना करते हुए गोरखपुर की स्वच्छ हवा की प्रशंसा की। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर भी उन्होंने जोर दिया।

विकास का मॉडल बन रहा गोरखपुर : योगी

गोरखपुर, मुख्य संवाददाता। गोरखपुर महानगर में शनिवार को बिछिया में पांचवें कल्याण मंडपम का लोकार्पण करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर विकास का मॉडल बन रहा है। चौड़ी सड़कों ने जाम की समस्या खत्म कर दीं। वहीं, जलभराव की समस्या के समाधान का भी गोरखपुर माडल बन रहा है। गोड़धोइया नाला का निर्माण पूरा होते ही जलभराव की समस्या सदा के लिए खत्म हो जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जाम से जड़ता आती है, इसलिए सरकार शहरों को जाम मुक्त बना रही है। प्रदेश में फोरलेन, सिक्सलेन का जाल बिछाया जा रहा है। कहीं भी जाइए, फोर लेन कनेक्टिविटी की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने गोरखपुर का जिक्र करते हुए कहा कि यहां से लखनऊ जाना है, वाराणसी, देवरिया, बिहार या फिर पड़ोसी राष्ट्र नेपाल हर तरफ फोर लेन कनेक्टिविटी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यहां उर्वरक कारखाना सेवाएं दे रहा है। उद्योग भी लग रहे हैं। सड़कें चौड़ी बन रही हैं। महानगर को आने वाली प्रत्येक सड़क फोरलेन बन चुकी है। यह समग्र विकास स्थानीय नागरिकों की मदद से ही हो पा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि पिछली सरकारें बेईमानी करती थीं इसलिए बीमारी आती थी। इंसेफेलाइटिस का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि हमने बीमारी को रोका है। महानगरवासियों का आह्वान किया कि पर्यावरण को बचाएं पर्यावरण आपको बचाएगा। दिल्ली के वायु प्रदूषण का जिक्र करते हुए उन्होंने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का सबक दिया। कहा कि दिल्ली की घुटनभरी जिंदगी है। ऐसे लगता है कि जिंदगी गैस चेम्बर में है। स्कूल कालेज बंद करने पड़ते हैं। स्वच्छ वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 पार चला जाता है लेकिन गोरखपुर की हवा स्वच्छ है। यहां रामगढ़ताल कितना सुंदर है लेकिन लोग गंदगी डाल देते हैं। रामगढ़ताल में गदंगी न डाले, दूसरा डाले तो उसे रोके। स्वच्छता का ध्यान रखें। सार्वजनिक सम्पत्ति को क्षति न पहुंचने दें। उन्होंने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में विकास और सुशासन का वातावरण बना है, जिससे निवेश, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार तेज हुआ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि गरीब, किसान, महिला और युवा, सरकार की प्राथमिकता में हैं। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, आवास, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।