गुड न्यूज: किस्त देने से चूके लोगों के लिए घर-दुकान बचाने का मौका, GDA में भी OST शुरू
Gorakhpur News - गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने बताया कि ओटीएस योजना के तहत आवंटियों से केवल साधारण ब्याज लिया जाएगा। यह मूल आवंटन के समय निर्धारित ब्याज दर के बराबर होगा। आवेदन की तारीख वही मानी जाएगी, जब प्रोसेसिंग फीस और प्रारंभिक धनराशि जमा कर दी जाएगी।

Gorakhpur News: यह समय पर किस्त जमा करने से चूके लोगों (डिफाल्टरों) के लिए घर-दुकान बचाने का सुनहरा मौका है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) ने भी एकमुश्त समाधान योजना-2026 (OTS-2026) को लागू कर दिया है। योजना के तहत आज से आवेदन लिए जाने लगे हैं। इस योजना से गोरखपुर में प्राधिकरण के 1583 डिफाल्टर बकायेदारों को राहत मिलेगी। योजना के तहत आवासीय और व्यावसायिक श्रेणी की सभी आवंटित संपत्तियों के डिफाल्टर आवंटियों को दण्ड ब्याज की छूट का लाभ उठाते हुए बकाया जमा करने का मौका मिलेगा। योजना के तहत आवेदन करने के लिए तीन महीने की समय-सीमा निर्धारित की गई है।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने बताया कि ओटीएस योजना के तहत आवंटियों से केवल साधारण ब्याज लिया जाएगा। यह मूल आवंटन के समय निर्धारित ब्याज दर के बराबर होगा। आवेदन की तारीख वही मानी जाएगी, जब प्रोसेसिंग फीस और प्रारंभिक धनराशि आनलाइन या आफलाइन जमा कर दी जाएगी।
30 अप्रैल तक चलेगी योजना
गोरखपुर में इसके लिए शनिवार से 30 अप्रैल तक प्रधानमंत्री आवास योजना, मानबेला और सूर्य विहार आवासीय योजना में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। 1583 बकायेदार सूचीबद्ध हैं, जिनमें से सर्वाधिक 900 प्रधानमंत्री आवास योजना, 221 सूर्य विहार आवासीय योजना तथा शेष अन्य योजनाओं से जुड़े हैं। सभी डिफाल्टरों को एक हफ्ते के अंदर नोटिस भेजने के निर्देश मिले हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए पोर्टल पर स्पष्ट लिंक और चरणबद्ध गाइड उपलब्ध करा दी गई है। आफलाइन आवेदन के लिए प्राधिकरण कार्यालय में हेल्प डेस्क स्थापित किया जाएगा, जहां फार्म उपलब्ध कराने और जमा करने की व्यवस्था रहेगी।
क्या बोले जीडीए उपाध्यक्ष
गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष आनंद वर्धन ने कहा कि निर्धारित समय सीमा में बकाया जमा न करने पर संबंधित आवंटियों के खिलाफ भू-राजस्व की तरह वसूली, पंजीकरण निरस्तीकरण और बेदखली की कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में सभी बकायेदारों से अपील है कि वे इस योजना का लाभ उठाकर अपनी संपत्तियों को नियमित करा लें।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


