सीएम योगी शहर के पांचवें कल्याण मंडपम का करेंगे लोकार्पण, तैयारियां तेज
Gorakhpur News - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 14 फरवरी को गोरखपुर के बिछिया कॉलोनी में 2 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से बने पांचवे कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे। यह मंडपम जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक कार्यक्रमों के लिए आधुनिक सुविधाएं प्रदान करेगा। यह गोरखपुर में मुख्यमंत्री द्वारा उद्घाटन किया गया चौथा…
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार 14 फरवरी को गोरखपुर शहर के पांचवें कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे। महानगर के वार्ड नंबर 22 जंगल तुलसीराम पश्चिमी के बिछिया कॉलोनी में बने इस कल्याण मंडपम के निर्माण पर 2 करोड़ 46 लाख 69 लाख रुपये की लागत आई है। इसका निर्माण गोरखपुर विकास प्राधिकरण द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विधायक निधि से कराया गया है। कल्याण मंडपम के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राप्तीनगर विस्तार स्पोर्ट्स सिटी योजना के 10 एलआईजी/ईडब्लूएस आवंटियों को आवंटन प्रमाण पत्र भी सौंपेंगे।
अल्प और मध्यम आय वर्ग के लोगों के मांगलिक कार्यक्रमों को उनके बजट के अनुरूप यादगार व शानदार बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब ढाई साल पहले कल्याण मंडपम का विजन दिया था। गोरखपुर शहर में अब तक मुख्यमंत्री के हाथों चार कल्याण मंडपम का लोकार्पण हो चुका है। इसी कड़ी में नागरिकों को एक नए कल्याण मंडपम की सौगात मिलने जा रही है। कल्याण मंडपम में जरूरतमंद परिवारों को मांगलिक कार्यक्रमों के लिए मैरिज हाउस जैसी सुविधाएं मिलेंगी। कल्याण मंडपम बनाने का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को विवाह, तिलक, मुंडन और अन्य सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए किफायती दरों पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
बिछिया में गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने 1120 वर्गमीटर क्षेत्रफल में कल्याण मंडपम (कन्वेंशन सेंटर) का निर्माण कराया है। जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन बताते हैं कि मानबेला के कन्वेंशन सेंटर का निर्माण 10 जून 2024 से प्रारंभ हुआ था। यह कल्याण मंडपम स्थानीय लोगों के सामाजिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा। बिछिया के कल्याण मंडपम में 300 व्यक्तियों के विभिन्न कार्यक्रमों (विवाह, सामाजिक उत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामूहिक उत्सव आदि) का आयोजन किया जा सकता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




