गोरखपुर पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में भव्य गणतंत्र दिवस समारोह
Gorakhpur News - गोरखपुर में 77वें गणतंत्र दिवस पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण किया। समारोह में एडीजी, डीआईजी, मंडलायुक्त और अन्य अधिकारियों को सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
गोरखपुर। वरिष्ठ संवाददाता 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर गोरखपुर पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में भव्य, अनुशासित एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह रहे। देशभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण में आयोजित समारोह की शुरुआत प्रथम परेड कमांडर सहायक पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार एस द्वारा मुख्य अतिथि को परेड की सलामी देने के साथ हुई। मुख्य अतिथि के आगमन पर एडीजी जोन गोरखपुर मुथा अशोक जैन, डीआईजी रेंज गोरखपुर एस.एस. चनप्पा एवं डीआईजी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके उपरांत मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने ध्वजारोहण किया।
राष्ट्रगान के साथ पूरा परेड ग्राउंड देशभक्ति के रंग में रंग गया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया और आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर विधायक प्रदीप शुक्ला, सभी पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। एडीजी, डीआईजी, मंडलायुक्त, डीएम व जिला जज सम्मानित समारोह के दौरान एसएसपी राज करन नय्यर द्वारा एडीजी जोन मुथा अशोक जैन, डीआईजी रेंज एस.एस. चनप्पा, मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, जनपद न्यायाधीश राजकुमार सिंह एवं जिलाधिकारी दीपक मीणा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बेहतर कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक समन्वय की सराहना की गई। परेड कमांडरों और उत्कृष्ट पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान प्रथम परेड कमांडर अरुण कुमार एस, द्वितीय परेड कमांडर सहायक पुलिस अधीक्षक दिनेश गोदारा तथा तृतीय परेड कमांडर साजिद अली को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। गणतंत्र दिवस आत्मसम्मान और लोकतंत्र की शक्ति का प्रतीक अपने संबोधन में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस भारत के आत्मसम्मान, स्वाभिमान और लोकतंत्र की शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ हुई है और युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने कहा, भारत किसी व्यक्ति या वर्ग का नहीं, बल्कि 140 करोड़ नागरिकों की चेतना है। आज पूरी दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है। मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 की समाप्ति, आतंकवाद पर कड़ी कार्रवाई, विदेशों में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी, किसानों, श्रमिकों और सेना के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक भारत विश्व को दिशा देने वाला राष्ट्र बनेगा। गृह मंत्रालय द्वारा सम्मानित अधिकारी-कर्मचारी गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जनपद गोरखपुर के कई पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को अति उत्कृष्ट सेवा पदक, उत्कृष्ट सेवा पदक एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित होने वालों में निरीक्षक फिरोज अहमद, मुहम्मद राशिद खां, विजय प्रताप सिंह, अनिल कुमार तिवारी, बृजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक राजकुमार चौधरी, रामानंद मिश्र, मो. हसीन, बलराम पाण्डेय, पतिराम सहित कई मुख्य आरक्षी व आरक्षी शामिल रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन समारोह के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन उपनिरीक्षक सुनीता सिंह ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्र-छात्राओं को एडीजी जोन, डीआईजी रेंज, जिलाधिकारी एवं एसएसपी की धर्मपत्नी द्वारा सम्मानित किया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




