एकला बांध रिंग रोड गोरखपुर बाईपास का कट खुला, बनेगी विशेष लेन

Newswrap हिन्दुस्तान, गोरखपुर
Follow us on Google News
share

गोरखपुर। नगर निगम द्वारा बनाए गए एकला बांध रिंग रोड का गोरखपुर बाईपास एनएच-27 जंक्शन के पास आवागमन के लिए खोल दिया गया। हाईस्पीड ट्रैफिक में वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए 300 मीटर लम्बा एक्सेलेरेशन और डी-एक्सेलेरेशन लेन बनाया जाएगा। विशेष लेन निर्माण के लिए 12 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है।

एकला बांध रिंग रोड गोरखपुर बाईपास का कट खुला, बनेगी विशेष लेन

गोरखपुर। प्रमुख संवाददाता। नगर निगम द्वारा बनाए गए एकला बांध रिंग रोड का गोरखपुर बाईपास एनएच-27 जंक्शन के पास बनाया गया कट फिलहाल सोमवार की देर रात आवागमन के लिए खोल दिया गया। लेकिन हाईस्पीड ट्रैफिक में वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यहां एनएचएआई के सुझाए डिजाइन के अनुसार नगर निगम द्वारा 300-300 मीटर लम्बा एक्सेलेरेशन और डी-एक्सेलेरेशन लेन बनाई जाएंगी। साथ ही,राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक्सेस प्वाइंट विकसित करने के लिए नगर निगम, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की स्वीकृति हासिल करेगा。

एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर की मुलाकात

हालांकि सोमवार की सुबह एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर ललित प्रताप पाल, गोरखपुर इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों, नगर निगम के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार भाटी एवं अवर अभियंता दीपक शाह ने मुलाकात की। संयुक्त टीम ने गोरखपुर बाईपास पर जक्शन प्वाइंट को देखा। इस मुलाकात में नगर निगम ने एनएचएआई को बताया कि अभी एकला बांध का गोरखपुर बाईपास एनएच 27 पर एक्सेस नगर निगम ने नहीं दिया है, क्योंकि बांध को फोरलेन बनाने का काम अभी पूरा ही नहीं हुआ है। जहां तक क्रैश बैरियर तोड़ने का सवाल है, निगम ने अरोप लगाया कि ग्रामीणों ने तोड़ दिया होगा। मौके पर एनएचएआई द्वारा एक्सेस बंद किए जाने के बाद भी बड़ी संख्या में बाइक सवार आवागमन करते दिखे। लेकिन सोमवार की देर रात अचानक कट के समक्ष रखा सारा मलबा हटा कर आवागमन खोल दिया गया। कहा गया कि रम्बल स्ट्रीप बनाने के लिए कट बंद किया गया था।

फोरलेन निर्माण के मिली धनराशि से होगा विशेष लेन का निर्माण

23 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों 15 करोड़ रुपये की धनराशि से लोकार्पित 2.88 किमी लम्बे एकला बांध रिंग रोड का सिर्फ नौसड़ से एकला बंधा की तरफ 1,100 मीटर लम्बा हिस्सा ही फोरलेन हैं। इसके आगे बाघागाड़ा फोरलेन तक 1,780 मीटर तक की लम्बाई, सिर्फ 07 मीटर चौड़ा है। यही हिस्सा गोरखपुर बाईपास एनएच 27 पर खुलता है। इस हिस्से को चौड़ा करने के लिए 12 करोड़ रुपये निगम को मिले हैं। नगर निगम अब इस धनराशि से एक्सेलेरेशन एवं डी-एक्सेलेरेशन लेन का निर्माण करेगा।

एक्सेलेरेशन एवं डी-एक्सेलेरेशन लेन क्या होते हैं

जब कोई वाहन किसी सर्विस रोड, लिंक रोड, कट या जंक्शन से राष्ट्रीय राजमार्ग पर चढ़ता है, तो उसे हाईवे पर चल रहे तेज गति के वाहनों की रफ्तार तक पहुंचने के लिए कुछ अतिरिक्त दूरी चाहिए होती है। इसी अतिरिक्त पट्टी को एक्सेलेरेशन लेन कहते हैं। इसी तरह जब कोई वाहन हाईवे से उतरकर किसी गांव, शहर, सर्विस रोड या जंक्शन की ओर मुड़ता है, तो उसे अपनी गति कम करनी पड़ती है। यदि वह मुख्य लेन में ही अचानक ब्रेक लगाएगा तो पीछे से आने वाले वाहनों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ जाएगा। इसलिए हाईवे से अलग एक अतिरिक्त लेन बनाई जाती है, जहां वाहन पहले गति कम करता है और फिर सुरक्षित रूप से बाहर निकलता है, इसे डी-एक्सेलेरेशन लेन कहते हैं।

खास-खास

-एकला बांध रिंग रोड को एनएच-27 से जोड़ने के लिए बनेगी विशेष लेन

-एनएचएआई ने नगर निगम को सौंपा विशेष लेन निर्माण की डिजाइन

-फोरलेन बनाने के लिए मिले 12 करोड़ रुपये से बनेगी विशेष लेन

-निगम का दावा रिंग रोड फोरलेन अधूरा, अनुमति का सवाल नहीं

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

एकला बांध रिंग रोड कब खोला गया?
एकला बांध रिंग रोड का गोरखपुर बाईपास एनएच-27 जंक्शन के पास सोमवार की देर रात आवागमन के लिए खोल दिया गया।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।