Gorakhpur News: 300 सीसीटीवी कैमरों से आयुष विवि की होगी सुरक्षा
Gorakhpur News: महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विवि परिसर और महत्वपूर्ण स्थलों पर सुरक्षा के लिए 300 हाई क्वालिटी बुलेट कैमरे लगा रहा है। कैमरे मुख्य गेट, अस्पताल, ओपीडी, शैक्षणिक और प्रशासनिक भवनों समेत अन्य स्थानों पर लगाए जाएंगे। फुटेज की निगरानी के लिए मॉनिटरिंग हॉल बनाया जा रहा है, जहां प्रशिक्षित कर्मचारी लाइव निगरानी करेंगे। विवि में पूर्व सैनिकों की सुरक्षा ड्यूटी का कांट्रेक्ट समाप्त होने के बाद उन्हें हटा दिया गया था।

Gorakhpur News: भटहट, हिन्दुस्तान संवाद। महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विवि की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर परिसर के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे है। विवि में कुलपति प्रोफेसर डॉ. के रामचंद्र रेड्डी के निर्देश पर विवि में हाई क्वालिटी के 300 बुलेट कैमरे लगाए जा रहे हैं। विवि प्रशासन के अनुसार यहां प्रतिदिन मरीज इलाज के लिए आते हैं। साथ ही यहां छात्र, शिक्षक, कर्मचारियों का आना जाना रहता है। ऐसे में परिसर की सुरक्षा को ठीक करने के लिए यह व्यवस्था की जा रही है। कैमरे विवि के मुख्य गेट, अस्पताल भवन, ओपीडी, शैक्षणिक ब्लॉक, प्रशासनिक भवन, छात्रावास, फार्मेसी, लाइब्रेरी, पैथोलॉजी, कुटिया समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर कैमरे लगाए जाएंगे।
सीसीटीवी कैमरों से होगी परिसर की निगरानी
यह आधुनिक कैमरे लंबी दूरी तक फुटेज रिकॉर्ड करेंगे। कैमरों के फुटेज की निगरानी के लिए विवि में मॉनिटरिंग हॉल तैयार किया जा रहा है। इस हॉल में एलईडी लगाई जा रही हैं। जहां बैठकर प्रशिक्षित कर्मचारी पूरे परिसर की लाइव निगरानी कर सकेंगे। किसी भी संदिग्ध गतिविधि का संदेह होते ही सुरक्षाकर्मियों को अलर्ट किया जा सकेगा।
पूर्व सैनिकों की सुरक्षा ड्यूटी का कांट्रेक्ट समाप्त
विवि की सुरक्षा के लिए लगाए गए थे पूर्व सैनिक
महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विवि के सुरक्षा के लिए उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड से सिक्योरिटी गार्ड लगाए गए थे। जिसमें तीन महिलाएं समेत 18 सिक्योरिटी गार्ड शामिल थे। पूर्व सैनिक विवि के मुख्य गेट से लगायत गेस्ट हाउस, एडमिन ब्लॉक में मरीजों के पंजीकरण, ओपीड़ी, कुलपति आवास के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर ड्यूटी कर रहे थे। सितंबर माह में उनका कांट्रेक्ट समाप्त हो गया। इसके बाद रिनिवल नहीं होने के कारण उन्हें हटा दिया गया। इसके बाद विवि की सुरक्षा विवि निर्माण कंपनी के ठेकेदार के सुरक्षाकर्मियों के भरोसे चल रहा था।

