
खिचड़ी मेला : 15 दिसंबर से पहले पूरी हों सभी व्यवस्थाएं
Gorakhpur News - गोरखपुर में खिचड़ी मेले की तैयारी के लिए प्रशासन ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता दी। पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सेवाएं, और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। दिसंबर में गोरखनाथ ओवरब्रिज और खजांची फ्लाईओवर भी तैयार हो जाएंगे।
गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता। गोरखनाथ मंदिर में लगने वाले खिचड़ी मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण देने के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। सोमवार को मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, डीआईजी डॉ. एस. चनप्पा, जिलाधिकारी दीपक मीणा और एसएसपी राजकरन नय्यर ने मंदिर परिसर में निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 15 दिसंबर से पहले सभी व्यवस्थाएं जमीन पर दिखनीं चाहिए। निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग स्थल, मेला ग्राउंड, मेडिकल पॉइंट और सहायता केंद्रों को चिन्हित किया गया। मंडलायुक्त ने मंदिर क्षेत्र में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को एकीकृत मॉनिटरिंग सिस्टम से जोड़ने और उनकी निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
तकनीकी टीम को बैकअप सिस्टम मजबूत रखने तथा भीड़ बढ़ते ही रियल-टाइम अलर्ट जारी करने को कहा गया। खिचड़ी मेले में यातायात व्यवस्था सबसे बड़ी चुनौती मानी जा रही है। इसे देखते हुए डीआईजी ने एसपी ट्रैफिक को डायवर्जन प्लान, पार्किंग और लेयर-बेस्ड वाहन संचालन रणनीति जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पेयजल, अस्थायी व मोबाइल शौचालय, बिजली आपूर्ति, प्रकाश, सफाई व्यवस्था और सूचना तंत्र को मजबूत करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि हर 200 मीटर पर सहायता केंद्र और सूचना काउंटर लगाए जाएं, जहां से श्रद्धालुओं को मेला मार्ग, भीड़ की स्थिति और आपातकालीन सेवाओं की त्वरित जानकारी मिले। स्वास्थ्य विभाग को फर्स्ट-एड सेंटर, एंबुलेंस और मेडिकल टीमों की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने सेक्टर और जोन वाइज पुलिस बल तैनाती, महिला ड्यूटी प्वाइंट, चेकिंग टीम और पेट्रोलिंग यूनिट बढ़ाने के आदेश दिए। दिसंबर में तैयार हो जाएंगे दो सेतु गोरखपुर। खिचड़ी मेले की तैयारी के अंतर्गत दिसंबर में ही गोरखनाथ ओवरब्रिज और खजांची फ्लाईओवर तैयार हो जाएंगे। सेतु निगम के अनुसार गोरखनाथ ओवरब्रिज में गर्डर को बेयरिंग पर उतारने के बाद ब्रिज को जोड़ा जाना है, जबकि खजांची फ्लाईओवर में जल निगम के नाली निर्माण का इंतजार है। नाली निर्माण का कार्य पूरा होने के 15 दिन के अंदर एप्रोच मार्ग का कार्य हो जाएगा, जबकि बरगदवा, फर्टिलाइजर, स्पोर्ट्स कॉलेज ओवरब्रिज को खिचड़ी मेला से पहले पूरा होने की संभावना नहीं है, क्योंकि इसमें रेलवे लाइन के ऊपर गर्डर का कार्य बचा हुआ है। सेतु निगम के जीएम मिथिलेश कुमार ने बताया कि खिचड़ी मेला से पहले दिसंबर में ही गोरखनाथ ओवरब्रिज और खजांची फ्लाईओवर का कार्य पूरा हो जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




