गोरखपुर में सनसनी, बहस के बाद युवती ने युवक को गोली मारी

Jan 21, 2026 05:37 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गोरखपुर
share

Gorakhpur News - गोरखपुर में मंगलवार को एक युवती ने कहासुनी के बाद नर्सिंगहोम कर्मी के साथी को गोली मार दी। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवती को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

गोरखपुर में सनसनी, बहस के बाद युवती ने युवक को गोली मारी

कैंट थाना क्षेत्र के सिंघड़िया मॉडल शॉप के पास मंगलवार की देर शाम कहासुनी के बाद एक युवती ने नर्सिंगहोम कर्मी के साथी को गोली मार दी। पेट में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को पहले नजदीकी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां से उसे शहर के एक निजी अस्पताल और बाद में मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद साथियों के साथ भागने का प्रयास कर रही युवती को स्थानीय लोगों ने घेर लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवती सहित दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।

युवती के खिलाफ केस दर्ज कर अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है। घायल युवक की पहचान खोराबार थाना क्षेत्र के जंगल सिकरी बाईपास निवासी अमिताभ निषाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हरपुरबुदहट थाना क्षेत्र की रहने वाली अंशिका कैंट इलाके के सिंघड़िया में किराये के कमरे में रहती है। मंगलवार को अपना जन्मदिन मनाने के लिए वह तीन-चार युवकों के साथ कार से सिंघड़िया मॉडल शॉप के पास पहुंची थी।

इसी दौरान खोराबार थाना क्षेत्र के सूबा बाजार का रहने वाला नर्सिंगहोम कर्मी विशाल मिश्रा भी कुछ युवकों के साथ वहां से गुजर रहा था। अंशिका को देखकर विशाल रुक गया और कार से उतरकर उसके पास पहुंचा, जिसके बाद पुराने मामले को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान युवती ने पिस्टल निकल ली और गोली चला दी। इस बीच सूचना मिलने पर कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए भेजा। पुलिस ने अंशिका को हिरासत में ले लिया। सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि युवती और उसके साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। युवती को गिरफ्तार कर उसके साथियों की तलाश करने के साथ ही मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।