Gorakhpur News: श्रीगोरक्ष और श्रीराम घाट के अन्य गाजीबो भी असुरक्षित घोषित, प्रवेश द्वार में मिली दरार
Gorakhpur News: गोरखपुर में गाज़ीबो का गुंबद गिरने के बाद नगर निगम ने सुरक्षा की दिशा में कदम उठाए हैं। नगर आयुक्त ने एहतियात बरतते हुए अन्य ढांचों का निरीक्षण किया और स्थानों के आसपास बैनर लगाए गए हैं। हादसे में दो अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हुए और उनकी मृत्यु हो गई।
Gorakhpur News: गोरखपुर, राजीव दत्त पाण्डेय राप्ती तट स्थित श्रीगोरक्ष घाट परिसर में गाजीबो का गुंबद गिरने की घटना के बाद नगर निगम ने परिसर में बने अन्य ढांचों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। नगर निगम की टीम ने सोमवार को श्रीराम एवं श्रीगोरक्ष घाट परिसर में स्थित अन्य गाजीबो और प्रवेश द्वार का निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रवेश द्वार में हल्की दरार दिखाई दी। एहतियात के तौर पर नगर निगम ने संबंधित ढांचों के आसपास बैनर लगाकर लोगों से दूर रहने की अपील की है。
नगर निगम की निरीक्षण टीम
नगर आयुक्त अजय जैन के निर्देश पर अधिशासी अभियंता अशोक भाटी ने सहायक अभियंता और अवर अभियंता के साथ राजघाट पहुंच कर श्रीगोरक्ष घाट और श्रीराम घाट गाजीबो और प्रवेश द्वार की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्रवेश द्वार में हल्की दरार मिलने के बाद वहां लोगों की आवाजाही को लेकर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। नगर निगम की ओर से संभावित खतरे वाले स्थानों के आसपास बैनर लगाए गए हैं।
रविवार को हुआ था हादसा
राजघाट में रविवार को तेज बारिश के दौरान बिजली की आवाज के साथ गजीबो का गुंबद गिर गया था। हादसे में अधिवक्ता संजय सिंह एवं अधिवक्ता आलोक अस्थाना गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान दोनों अधिवक्ताओं की मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद नगर निगम ने परिसर में बने अन्य ढांचों की सुरक्षा की जांच शुरू कर दी है। वहीं जिलाधिकारी ने भी निर्माण कार्यो की जांच के आदेश के साथ कमेटी भी गठित कर दी है।
ढांचों के पास नहीं जाने की अपील
नगर आयुक्त अजय जैन ने हादसे को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में फ्लेक्स बैनर लगाए गए हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे संबंधित ढांचों के आसपास न जाएं और सुरक्षा के लिहाज से सावधानी बरतें।

