
कूड़ाघाट तिराहे पर फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले सात युवकों पर गैंगस्टर
Gorakhpur News - देवरिया जिले के रहने वाले हैं सातों युवक, पुलिस कर रही है तलाशदेवरिया जिले के रहने वाले हैं सातों युवक, पुलिस कर रही है तलाश गोरखपुर। वरिष्ठ संवाददाता
गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता। कूड़ाघाट तिराहे पर फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैलाने वाले देवरिया जिले के सात युवकों के खिलाफ एम्स थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। एम्स थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरोह का सरगना आशीष पांडेय देवरिया जिले के रामनाथ देवरिया दक्षिणी का निवासी है। उसके खिलाफ गोरखपुर और देवरिया जनपदों में कुल आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आशीष पांडेय अपने संगठित गिरोह के साथ मिलकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता है। गिरोह में रामनाथ देवरिया निवासी अनुराग गुप्ता, अनुराग पाण्डेय उर्फ अंशू, विशाल गुप्ता उर्फ महाकाल, रोहित गुप्ता, विकास गुप्ता तथा सुरौली थाना क्षेत्र के सुकई परसिया निवासी आलोक सिंह उर्फ विपिन शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपित एक संगठित गिरोह के रूप में कार्य करते हैं और क्षेत्र में भय व आतंक का माहौल बनाकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देते रहे हैं। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि यह मामला 9 सितंबर 2025 की रात करीब 11 बजे का है। कूड़ाघाट तिराहे के पास दरवाजे पर लघुशंका कर रहे आरोपियों का विरोध करने पर पीड़ित विनय निषाद के साथ मारपीट की गई और बाद में आरोपियों ने फायरिंग कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया था। पीड़ित की तहरीर पर एम्स थाना पुलिस ने पहले ही आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। अब गिरोह की गतिविधियों को देखते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




