
भाजपा नेता पर हमले के पीछे ‘302 गैंग’, सोशल मीडिया पर खुलेआम देते थे धमकी
Gorakhpur News - भाजपा नेता राधामोहन सिंह पर हुए जानलेवा हमले के आरोपियों ने '302 गैंग' नाम से सोशल मीडिया पर एक समूह बनाया था। आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर हत्या और बदला लेने से जुड़े पोस्ट किए थे। ये हमले छात्राओं से छेड़खानी के विवाद से जुड़े हैं। पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है और जांच कर रही है।
भाजपा नेता व इंटर कॉलेज के प्रबंधक राधामोहन सिंह पर हुए जानलेवा हमले के आरोपियों ने सोशल मीडिया पर ‘302 गैंग’ नाम से ग्रुप बनाया था। इसके जरिए दबंगई और धमकियों का खुला प्रदर्शन करते थे। जांच में सामने आया है कि आरोपी इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय थे और अपने नाम के आगे ‘302’ जोड़कर रील व पोस्ट साझा करते थे। इन पोस्टों में हत्या और बदला लेने से जुड़े डायलॉग लिखे जाते थे। हमले से पहले ही आरोपियों ने भाजपा नेता को अंजाम भुगतने की धमकी देने वाली कई पोस्ट और वीडियो अपलोड किए थे, जिनकी अब पुलिस गहनता से जांच कर रही है।
छात्राओं से छेड़खानी से जुड़ा है विवाद
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हमले की जड़ें अक्टूबर 2023 की एक घटना से जुड़ी हैं। आरोप है कि आरोपियों ने राधामोहन सिंह द्वारा संचालित इंटर कॉलेज की छात्राओं के साथ छेड़खानी की थी। इस मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने दो युवकों को जेल भेजा था। जमानत पर छूटने के बाद से ही आरोपी बदला लेने की फिराक में थे और लगातार भाजपा नेता की रेकी कर रहे थे। सूत्र बताते हैं कि ‘302 गैंग’ केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं था, बल्कि अवैध असलहा और अन्य आपराधिक गतिविधियों में भी संलिप्त रहा है। राधामोहन सिंह ने पहले ही पुलिस को अपनी रेकी और जान को खतरे की आशंका से अवगत कराया था, लेकिन स्थानीय स्तर पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई थी।
सोशल मीडिया प्रोफाइल खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने इस मामले में ऋषिकेश यादव, अभिषेक पासवान, अनुज उर्फ गुल्ली साहनी और मनीष यादव समेत अन्य के खिलाफ जानलेवा हमला और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस आरोपियों के सोशल मीडिया अकाउंट, संपर्कों और नेटवर्क को खंगाल रही है, ताकि गिरोह से जुड़े अन्य गुर्गों और असलहा सप्लाई चैन को उजागर किया जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




