ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश गोरखपुरगडकरी ने देवरिया-कुशीनगर को दिए चार नेशनल हाइवे 

गडकरी ने देवरिया-कुशीनगर को दिए चार नेशनल हाइवे 

केन्द्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नीतिन गडकरी ने गुरुवार को देवरिया- कुशीनगर जिले को चार राष्ट्रीय राजमार्गो की सौगात दी। उन्होंने मंच पर मौजूद प्रदेश के डिप्टी सीएम को इन सभी राजमार्गो के लिए...

गडकरी ने देवरिया-कुशीनगर को दिए चार नेशनल हाइवे 
हिन्‍दुस्‍तान टीम ,देवरियाThu, 25 Jan 2018 05:23 PM
ऐप पर पढ़ें

केन्द्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नीतिन गडकरी ने गुरुवार को देवरिया- कुशीनगर जिले को चार राष्ट्रीय राजमार्गो की सौगात दी। उन्होंने मंच पर मौजूद प्रदेश के डिप्टी सीएम को इन सभी राजमार्गो के लिए जल्द से जल्द भूमि अधिग्रहण व डीपीआर का काम पूरा करने को कहा। केंद्रीय मंत्री सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा देवरिया के राजकीय इंटर कालेज में आयोजित शिलान्यास समारोह में मौजूद थे। 

उन्होंने यहां एनएच 727 (ए) पर प्रस्तावित देवरिया बाईपास व कुशीनगर जिले में एनएच 730 के कप्तानगंज- पड़रौना में दो लेन चार लेन पेव्ड शोल्डर सहित सड़क चौड़ीकरण एव उन्नयन कार्य का शिलान्यास किया। इन दोनों कार्यो पर 875 करोड़ रुपए खर्च होंगे। श्री गडकरी ने सौनौली- गोरखपुर- देवरिया- सलेमपुर- बलिया, देवरिया- कसया- महुआनी- सोनूघाट-बरहज, देवरिया- कसया व तमकुही- बेतिया को राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जितना जल्दी भूमि उपलब्ध करा व डीपीआर बनवा देंगी, उतना जल्दी इन मार्गो पर काम शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि देवरिया लोकसभा क्षेत्र में दो हजार करोड़ रुपए विभिन्न सड़कों के निर्माण पर खर्च किया जा रहा है। केन्द्र में भाजपा की सरकार बनने के समय 7643 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग था। साढ़े तीन वर्षो के कार्यकाल में राष्ट्रीय राजमार्ग को साढे़ तेहर हजार किलोमीटर कर दुगुना करने की स्थिति में पहुंचा दिया गया है। आने वाले समय में दो हजार किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग देने के लिए केन्द्र सरकार तैयार है। उत्तर प्रदेश सरकार इसके लिए अगर जल्दी भूमि उपलब्ध करा देगी तो केंद्र सरकार का कार्यकाल पूरा होने के पहले इस पर काम शुरू हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि साढे़ तीन साल में 8 लाख करोड़ रुपए का काम मेरे मंत्रालय ने किया है। अभी तक सेंट्रल रोड फंड से उत्तर प्रदेश को दो तीन हजार करोड़ रुपए मिला करते थे, लेकिन हमने प्रदेश को इस फंड से 10 हजार करोड़ रुपए दिया है। अगर प्रदेश सरकार को जरूरत महसूस हुई तो भविष्य में दो हजार करोड़ रुपए और उपलब्ध करा सकते हैं। शिलान्यास समारोह को पूर्व केन्द्रीय मंत्री कलराज मिश्र, कुशीनगर के सांसद राजेश पाण्डेय, सलेमपुर के सांसद रविन्द्र कुशवाहा और राज्य मंत्री जयप्रकाश निषाद ने भी संबोधित किया। 

एथनाल बदल सकता है पूर्वांचल के किसानों की तकदीर
केन्द्रीय मंत्री ने कृषि क्षेत्र, परिवहन में तकनीकी बदलाव की वकालत करते हुए कहा कि केवल गेहूं व चावल की खेती से किसानों का भविष्य व तकदीर नहीं बदली जा सकती है। इसके लिए किसानों को पेट्रोल, डीजल, सीएनजी तैयार करना पड़ेगा। यह काम एथेनाल बनाकर किया जा सकता है। महाराष्ट्र में एथनाल बनता है। नागपुर में 55 बसें एथनाल से चलती हैं। गन्ने की खोई, धान के पुआल, कचरे व बांस से एथनाल बनता है। पूर्वांचल में एथनाल की बहुत संभावना है।

इस तकनीक को अपनाकर किसान अपनी तकदीर बदल सकता है। उन्होंने कहा कि देश 70 हजार करोड़ रुपए का क्रूड आयल विदेशों से आयात करता है। अगर एथनाल बनाकर हम इस आयात को दो हजार करोड़ रुपए ही कम कर पाए तो यह पैसा किसानों में जाएगा। उन्होंने कहा कि मै सपने नहीं दिखा रहा हूं। उन्होंने डिप्टी सीएम केशव मौर्य व पूर्व केन्द्रीय मंत्री कलराज मिश्र को इस तकनीक को देखने के लिए नागपुर आमंत्रित किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से बायो एथनाल से कार, बाइक चलाने की नीति को अपनाने की अपील की। 

प्रदेश के विकास को नहीं रोक सकती है कोई बाधा-केशव

सभा में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदेश को सड़कों का स्वर्ग बनाने का दावा करते हुए कहा कि प्रदेश में कई तरह की बाधाएं आ रही हैं। प्रदेश की सरकार उन सभी बाधाओं को दूर कर रही है। प्रदेश के विकास को कोई भी बाधा नहीं रोक सकती है। सरकार प्रदेश को उत्तम सड़कों का प्रदेश बनाना चाहती है। इसमें केन्द्र की सरकार भी पूरा सहयोग कर रही है। 
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें