ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश गोरखपुरवीरगति को प्राप्त फायर फाइटर्स को दी गई सलामी

वीरगति को प्राप्त फायर फाइटर्स को दी गई सलामी

गोलघर स्थित फायर सर्विस सेंटर में रविवार को अग्निशमन स्मृति दिवस मनाया गया। 14 अप्रैल 1944 को मुंबई के बंदरगाह पर हुए अग्निकांड में वीरगति को प्राप्त 66 फायर फाइटरों को पुष्प चक्र अर्पित कर वरिष्ठ...

वीरगति को प्राप्त फायर फाइटर्स को दी गई सलामी
हिन्दुस्तान टीम,गोरखपुरSun, 14 Apr 2019 10:44 PM
ऐप पर पढ़ें

गोलघर स्थित फायर सर्विस सेंटर में रविवार को अग्निशमन स्मृति दिवस मनाया गया। 14 अप्रैल 1944 को मुंबई के बंदरगाह पर हुए अग्निकांड में वीरगति को प्राप्त 66 फायर फाइटरों को पुष्प चक्र अर्पित कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. सुनील गुप्ता एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र कुमार सिंह के साथ ही अन्य कर्मचारियों ने श्रद्धांजलि दी। वीरगति को प्राप्त फायरफाइटर्स की स्मृति में 14 से 20 अप्रैल तक विभाग की ओर से अग्नि सुरक्षा सप्ताह मनाया जाएगा।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि फायर सुरक्षा दिवस उन फायर फाइटरों को समर्पित है जो अपनी जान पर खेलकर आग में फंसे लोगों की जान बचाते हैं। सुबह आठ बजे शुरू हुई श्रद्धांजलि सभा में कार्य के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले कर्मचारियों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इस दौरान अग्नि सुरक्षा उपकरणों का डिमांस्टे्रशन भी किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि शहीद कर्मचारियों की स्मृति में 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक अग्नि सुरक्षा सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा। सोमवार की सुबह गोलघर कार्यालय से जागरूकता रैली निकाली जाएगी। गणेश चौराहा से शुरू होने के बाद रेलवे स्टेशन, गोरखनाथ, बरगदवां, खजांची से असुरन, मोहद्दीपुर, पैडलेगंज, शास्त्री चौराहा, विजय चौक होते हुए गोलघर फायर स्टेशन पर आकर समाप्त होगी।

रैली के माध्यम से लोगों को आग से रोकथाम के लिए किये जाने वाले उपायों बारे जानकारी दी जाएगी। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों, कालेजों व संस्थाओं में कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को आग से रोकथाम एवं बचाव के बारे में जानकारी देने के साथ ही फायर सर्विस के कर्मचारी अपनी उपलब्धियों को बताएंगे। मुख्य अगिशमन अधिकारी ने बताया कि 14 अप्रैल, 1944 को मुंबई बंदरगाह पर हुए धमाके में आग बुझाने में 66 से ज्यादा फायर फाइटर वीरगति को प्राप्त हुए थे। इन्हीं के स्मरण में फायर दिवस मनाया जाता है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें