Gorakhpur News: सीएचसी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
Gorakhpur News: बड़हलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में रविवार को आग लग गई। कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड की तत्परता से आग पर काबू पाया गया और एक बड़ा हादसा टल गया। आग में एसी, महत्वपूर्ण कागजात और लगभग एक लाख का सामान जल गया। सुरक्षा गार्ड और अन्य कर्मियों की सक्रियता की प्रशंसा की जा रही है।

Gorakhpur News: बड़हलगंज, हिन्दुस्तान संवाद। बड़हलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कार्यालय में रविवार को शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, इस घटना में कार्यालय में लगी एसी, महत्वपूर्ण कागजात और मेज सहित लगभग एक लाख रुपये का सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। जानकारी के मुताबिक, आग दोपहर करीब 11.20 बजे सीएचसी कार्यालय में लगी। धुआं और आग की लपटें दिखाई देते ही अस्पताल के कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फायर इक्विपमेंट का उपयोग कर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
साथ ही घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को भी दी गई। कर्मचारियों की त्वरित प्रतिक्रिया के कारण फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। इस तत्परता से आग को अस्पताल के अन्य हिस्से में फैलने से रोका जा सका और एक बड़े नुकसान से बचा गया। घटना के समय सुरक्षा गार्ड राहुल राय, डॉ. भानू प्रताप सिंह, फार्मासिस्ट चंद्रकेश, वार्ड ब्वॉय प्रेमचंद मौर्य, राकेश सिंह, सतीश यादव, आशीष मोदीवाल सहित अन्य कर्मचारी मौके पर मौजूद थे। उनकी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।


