साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए बैंक खाते की ई-केवाईसी अनिवार्य, अलर्ट जारी
Gorakhpur News - गोरखपुर में भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा वित्तीय साक्षरता सप्ताह के तहत खोराबार ब्लॉक के ग्राम लहसड़ी में एक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को सुरक्षित बैंकिंग और डिजिटल लेन-देन के बारे में जागरूक करना था।

भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से मनाए जा रहे ‘वित्तीय साक्षरता सप्ताह’ के तहत शुक्रवार को खोराबार ब्लॉक के ग्राम लहसड़ी स्थित पंचायत भवन में वित्तीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को सुरक्षित बैंकिंग और डिजिटल लेन-देन के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए भारतीय रिजर्व बैंक, लखनऊ के सहायक महाप्रबंधक शमशुद्दीन ने कहा कि सभी पात्र व्यक्तियों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ना चाहिए और अपने बैंक खातों की ई-केवाईसी समय से पूर्ण करानी चाहिए। उन्होंने बताया कि ई-केवाईसी अपडेट रहने से बैंकिंग सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित होती हैं।
खाताधारकों को साइबर धोखाधड़ी और वित्तीय ठगी से सुरक्षा मिलती है। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि वर्ष 2014 में खोले गए जनधन खातों की केवाईसी 2024 में अपडेट करानी थी। इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा विशेष अभियान चलाकर शिविरों के माध्यम से केवाईसी अपडेट कराई जा रही है।
शिविर में ग्रामीणों को ई-केवाईसी की अवधारणा, उसकी प्रक्रिया और रिकॉर्ड रखने के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही सेंट्रल ई-केवाईसी रजिस्ट्री की जानकारी दी गई, जिससे विभिन्न वित्तीय संस्थानों में पहचान सत्यापन की प्रक्रिया सरल और सुरक्षित हो जाती है। कार्यक्रम में प्रणव, आदर्श, अभिषेक, संदीप, संजू, उर्मिला और सूर्य प्रताप अग्रहरी सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


