गोरखपुर। हिन्दुस्तान टीमपीपीगंज क्षेत्र के जंगल कौड़िया में हाइवे पर भूमि पर कब्जा करने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि एक पक्ष ने भूमि कब्जा करने की नीयत से खेत में खड़ी आलू और केले की फसल ट्रैक्टर से जोतवा दी। आरोप यह भी है कि मनबढ़ों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर जंगल कौड़िया के पूर्व प्रधान समेत छह नामजद व 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। जंगल कौड़िया में सोनौली हाइवे पर स्थित बेशकीमती भूमि को लेकर डाढ़ाडीह गांव के प्रधान जयगोविन्द सिंह और जंगल कौड़िया के पूर्व प्रधान रामचन्दर सिंह के बीच विवाद चलता है। प्रधान जयगोविन्द सिंह जंगल कौड़िया में ही विवादित भूमि के पास मकान बनवाकर परिवार के साथ रहते हैं। आरोप है कि पूर्व प्रधान रामचन्दर सिंह अपने चार बेटों समेत 50 अज्ञात लोगों के साथ मकान के पीछे स्थित भूमि पर कब्जा करने की नीयत से धावा बोल दिया। खेत में आलू, केला और गेहूं की फसल को ट्रैक्टर को जोत दिया। प्रधान के भाई राजकुमार सिंह और घर पर मौजूद महिलाओं ने विरोध किया तो बे उन्हें मारपीट कर एक कमरे में बंद कर दिए। आरोप है कि दोबारा कमरे से निकल कर विरोध करने पर वह दहशत फैलाने के लिए फायरिंग कर दी। प्रधान की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो मनबढ़ जा चुके थे। पुलिस ने इस मामले में रामचन्दर सिंह, उनके बेटे बृज नारायन, कृष्ण नारायण, रणजीत और चालक सुरेश सिंह समेत 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है।
अगली स्टोरी