मुआवजा के लिए किसानों ने सदर सांसद से की मुलाकात
Gorakhpur News - पीपीगंज बाइपास मार्ग के निर्माण के लिए किसानों को अधिग्रहित भूमि के बदले मुआवजा नहीं मिला। किसानों ने नगर पंचायत अध्यक्ष के नेतृत्व में सांसद रविकिशन शुक्ल से मुलाकात की और पूरी राशि की मांग की। सांसद ने आश्वासन दिया कि वे समस्या का समाधान कराने के लिए शासन से बात करेंगे।

पीपीगज हिंदुस्तान संवाद। पीपीगंज बाइपास मार्ग के निर्माण के लिए लगभग छह गांवों के किसान मुआवजे के लिए परेशान हैं। शासन द्वारा अधिग्रहित भूमि के बदले किसानों को सर्किल रेट से चार गुना अधिक मुआवजा उनके खातों में भेजा गया था, लेकिन कुछ ही दिनों नगरीय क्षेत्र में होने के कारण दो गुना देने की बात को लेकर किसानों के खातों पर होल्ड लगाकर मुआवजे की 50 प्रतिशत राशि वापस ले ली गई। इस कार्रवाई से नाराज़ दर्जनों किसानों ने सोमवार को नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मण विश्वकर्मा के नेतृत्व में गोरखपुर शहर स्थित सदर सांसद रविकिशन शुक्ल के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और पूरा मुआवजा दिलाने की मांग की।
किसानों ने बताया कि पहले उनके खातों में चार गुना मुआवजा की राशि भेजी गई थी लेकिन बाद में बिना स्पष्ट कारण बताए केवल दो गुना राशि ही खाते में रहने दी गई और शेष आधी रकम वापस कर ली गई जो उनके साथ सरासर अन्याय है। इस दौरान सांसद रविकिशन शुक्ल ने किसानों और नगर पंचायत अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि वे इस मामले को गंभीरता से लेकर शासन प्रशासन तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बातचीत करेंगे और समस्या का समाधान कराने का प्रयास करेंगे। मुलाकात में मौजूद किसानों कन्हैया लाल चौहान, विभूति चौहान, कपिल देव कन्नौजिया, सुरेश मद्धेशिया, मंजूर अली, मनोज चौहान, अशोक कन्नौजिया और संतोष चौहान ने एक स्वर में कहा कि अधिग्रहित भूमि का पूरा चार गुना मुआवजा उन्हें मिलना चाहिए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




