
टाटा कंपनी के नकली उत्पादों का भंडाफोड़, दो दुकानदारों पर मुकदमा
Gorakhpur News - खोराबार पुलिस ने छापेमारी कर बरामद किया नकली सामानखोराबार पुलिस ने छापेमारी कर बरामद किया नकली सामान जंगल सिकरी और सूबा बाजार के दो दुकानदारों पर मुकद
गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता। खोराबार थाना क्षेत्र में टाटा कंपनी की नकली चायपत्ती, नमक और हार्पिक की बिक्री का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर कंपनी के जांच अधिकारी और खोराबार पुलिस की संयुक्त टीम ने दो दुकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली सामान बरामद किया। पुलिस ने सभी उत्पादों को कब्जे में लेकर सील कर दिया और शाहपुर निवासी कंपनी के जांच अधिकारी शिवम गुप्ता की तहरीर पर जंगल सिकरी निवासी दुकानदार वकील कुमार जायसवाल और सूबा बाजार निवासी मंजू गुप्ता के खिलाफ कॉपीराइट उल्लंघन और धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई कर रही है। शिवम गुप्ता के अनुसार, काफी समय से कंपनी को नकली उत्पादों की बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं।
सूचना के आधार पर पुलिस के साथ सबसे पहले जंगल सिकरी स्थित वकील कुमार जायसवाल की ‘विकास जनरल स्टोर’ की तलाशी ली गई, जहां गोदाम से टाटा अग्नि चाय, टाटा प्रीमियम चाय और नमक के 500 से अधिक नकली पैकेट बरामद हुए। इसके बाद टीम सूबा बाजार स्थित मंजू गुप्ता की दुकान पहुंची। यहां गोदाम की तलाशी में नकली हार्पिक, चाय की पत्ती और नमक के 400 से अधिक पैकेट मिले। बरामद सारा सामान खोराबार थाने के मालखाने में जमा करा दिया गया है, जबकि कुछ नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच अधिकारी ने बताया कि नकली खाद्य और घरेलू उत्पाद बेचकर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। राजघाट में भी पकड़ा गया था नकली टाटा नमक 13 नवंबर को राजघाट थाना क्षेत्र के साहबगंज मंडी में भी 225 किलो नकली टाटा नमक पकड़ा गया था। विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक अधोमानक नमक या अन्य खाद्य पदार्थों के सेवन से गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




