गोरखपुर में बुजुर्ग महिला की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका; परिजन फरार
Gorakhpur News - गगहा के असवनपार में पूर्व प्रधान की 80 वर्षीय पत्नी सोनमती की संदिग्ध हत्या का मामला सामने आया है। शरीर पर चोट के निशान मिलने और छोटी बहू द्वारा पुलिस को सूचना देने के बाद, अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा बड़े बेटे का परिवार फरार हो गया। पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।

गगहा थाना क्षेत्र के असवनपार में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 80 साल की बुजुर्ग महिला सोनमती देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोनमती देवी गांव के पूर्व प्रधान मुटुर यादव की पत्नी थीं और अपने बड़े बेटे राममिलन के परिवार के साथ रहती थीं। शनिवार सुबह उनका शव घर के छप्पर के नीचे चारपाई के पास जमीन पर पड़ा मिला, जिस पर चोट के निशान थे। घर के लोग जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तभी छोटी बहू उषा ने पुलिस को सूचना दे दी। जैसे ही पुलिस के आने की खबर मिली, बड़े बेटे का परिवार घर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम को मौके से खून से सना एक कपड़ा भी मिला है।
बता दें कि सोनमती देवी के दो बेटे हैं- राममिलन और लालजी हैं। लालजी विदेश में हैं, जबकि राममिलन भिलाई में काम करते हैं और घटना वाले शुक्रवार को ही वहां के लिए निकले थे। घर पर राममिलन के दो बेटे, गोविंद और रामदयाल मौजूद थे। बताया जा रहा है कि रात में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। छोटी बहू का आरोप है कि सास की हत्या की गई है, क्योंकि उनकी छाती पर चप्पल के निशान और शरीर पर चोटें मिली हैं।
एसपी साउथ दिनेश कुमार पूरी के अनुसार, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


