Gorakhpur News: तड़पता रहा घायल मरीज, डेढ़ घंटे बाद मिली एंबुलेंस
Gorakhpur News: उरुवा बाजार में घायल बुजुर्ग राजकुमार गुप्ता को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। 108 नंबर पर एंबुलेंस के लिए लगातार फोन करने के बावजूद डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस नहीं आई। परिजनों ने आक्रोश व्यक्त किया और अंततः मरीज को निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाने का फैसला किया।

Gorakhpur News: उरुवा बाजार, हिन्दुस्तान संवाद। उरुवा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर गंभीर हालत में पहुंचे घायल बुजुर्ग को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। परिजन 108 नंबर पर एंबुलेंस के लिए लगातार फोन करते रहे, लेकिन करीब डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इस दौरान मरीज स्ट्रेचर पर तड़पता रहा। बाद में एंबुलेंस पहुंचने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर गए। घटना को लेकर परिजनों में आक्रोश रहा। उरुवा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी राजकुमार गुप्ता (65) शुक्रवार दोपहर छत से गिर गए थे। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई। परिजन उन्हें पीएचसी उरुवा लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजनों ने बताया कि जिला अस्पताल ले जाने के लिए 108 पर एंबुलेंस के लिए फोन किया गया। फोन उठाने वाले ने जल्द एंबुलेंस पहुंचने की बात कही, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस नहीं आई। इसके बाद परिजनों ने निजी वाहन से ले जाने की तैयारी शुरू कर दी। डॉक्टर से भी एंबुलेंस के लिए फोन कराया गया। करीब डेढ़ घंटे बाद एंबुलेंस पहुंची, जिसके बाद मरीज को जिला अस्पताल ले जाया गया।


