Gorakhpur News: झंडा उतारने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, 10 पर निरोधात्मक कार्रवाई
Gorakhpur News: पीपीगंज थाना क्षेत्र के रामूघाट गांव में ईद मिलादुन्नबी के मौके पर झंडा उतारने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। पुलिस ने स्थिति संभालकर दोनों पक्षों के 10 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की और जांच शुरू कर दी।

Gorakhpur News: पीपीगंज/रसूलपुर चकिया, हिटी। पीपीगंज थाना क्षेत्र के रामूघाट गांव में ईद मिलादुन्नबी के पर्व पर घरों पर लगाए गए झंडों को उतारने पर शुक्रवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए। झंडा उतारने को लेकर शुरू हुआ विवाद कहासुनी के बाद मारपीट तक पहुंच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के 10 लोगों के खिलाफ शांति भंग की आशंका में निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए चालान किया है। जानकारी के अनुसार, ईद मिलादुन्नबी पर गांव में कुछ घरों पर झंडे लगाए गए थे। आरोप है कि कुछ युवक झंडे उतारकर फेंकने लगे।
इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। मारपीट की स्थिति बनने पर कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी।सूचना पर थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि रामूघाट गांव में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। दोनों पक्षों के 10 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। विवाद के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।


