ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश गोरखपुरमस्जिदों और ईदगाहों में अदा की गई ईद की नमाज 

मस्जिदों और ईदगाहों में अदा की गई ईद की नमाज 

देवरिया में ईद की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। इसमें शहर के अलावा आसपास के करीब 15 हजार लोगों ने शिरकत किया। सभी ने आपसी भाईचारा, खुशहाली और देश की तरक्की की दुआ मांगी। लोगों ने गले मिलकर एक दूसरे को...

मस्जिदों और ईदगाहों में अदा की गई ईद की नमाज 
हिंदुस्तान टीम,देवरियाSat, 16 Jun 2018 12:50 PM
ऐप पर पढ़ें

देवरिया में ईद की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। इसमें शहर के अलावा आसपास के करीब 15 हजार लोगों ने शिरकत किया। सभी ने आपसी भाईचारा, खुशहाली और देश की तरक्की की दुआ मांगी। लोगों ने गले मिलकर एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। ईद की खुशी सभी के चेहरे पर साफ झलक रही थी।

शहर के अंजुमन इस्लामिया ईदगाह, नगर जामा मस्जिद, छोटी मस्जिद, न्यू कालोनी मस्जिद, अबूबकर मदीना मस्जिद, शांति नगर महुआबारी मस्जिद में ईद की नमाज अदा की गई। ईदगाह से लेकर मस्जिद तक नमाजी अटे पडे़ थे। मालवीय रोड स्थित अंजुमन इस्लामिया ईदगाह पर तय समय से एक घंटे पहले से ही लोगों का आना शुरू हो गया।

सात बजते बजते ईदगाह का मैदान, अंजुमन स्कूल का बारामदा और छतों पर लोग भर गए। बाद में आए लोगों को मालवीय रोड और दूसरी तरफ नगरपालिका रोड पर जगह मिली। 7:30 बजे नमाज शुरु हुआ। ईदगाह में जामा मस्जिद के इमाम अशफाक कासमी ने ईद की नमाज पढ़ाई। सभी ने आपसी भाईचारा, देश की तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी। इसी तरह अबूबकर नगर जामा मस्जिद में ग्राउंड फ्लोर, पहली मंजिल और दूसरी मंजिल पर जल्दी ही भर गई। देर से पहुंचे लोगों को मस्जिद के पीछे मैदान में जगह मिली। इसी तरह दूसरी मस्जिदों में भी लोगों ने नमाज अदा किया।

एक दूसरे गले मिल बोले ईद मुबारक
ईद की नमाज अदा करने के बाद लोग एक दूसरे से गले और ईद मुबारक बाद दी। जानने पहचानने वालों को ढूंढ़कर लोग गले मिलते रहे। यह सिलसिला करीब एक घंटे तक चला।

कब्रिस्तान में जाकर पढ़ा फातिहा
नमाज पढ़कर अधिकांश लोगों ने कब्रिस्तान का रुख किया। वहां पहुंचकर पूर्वजों की कब्र पर फातिहा पढ़ा और उनके लिए दुआ मांगी। इस दौरान सिविल लाइन कब्रिस्तान पर लोगों का हुजूम आता जाता दिखा।

गुब्बारे और चाट की दुकानों पर रही भीड़
ईदगाह के सामने गुब्बारे और चाट की कई दुकानें सजीं थीं। नमाज के बाद बच्चों की भीड़ इन दुकानों की ओर बढ़ गई। साथ आए अभिभावकों ने ईद के पावन मौके पर बच्चों की मुराद पुरी करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। गुब्बारे पाकर बच्चे खुशी से उछल पड़े।

डीएम और एसपी ने दी ईद की बधाई
अंजुमन इस्लामिया ईदगाह पर ईद की नमाज के वक्त जिलाधिकारी सुजीत कुमार, पुलिस अधीक्षक रोहन पी कनय, एसडीएम सदर राकेश सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह मौजूद रहीं। सभी नमाज पढ़कर निकले लोगों को ईद की मुबारकबाद दी। डीएम एसपी ने बच्चों को टॉफियां और चाकलेट देकर ईद मुबारक कहा। इस दौरान रेडक्रास के सचिव अखिलेंद्र शाही, राजेंद्र जायसवाल, रविकांत मणि, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष रामायण राव आदि मौजूद रहे।

रहा सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम
ईद की नमाज के समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। मालवीय रोड ईदगाह पर बम निरोधक दस्ते को तैनात किया गया था। इसके अलावे चप्पे चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। ईदगाह की तरफ आने वाले रास्ते को सुभाष चौक से लेकर आर्य समाज मंदिर तक वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। इसी तरह नगरपालिका रोड, तहसील होकर जामा मस्जिद के रास्ते को बंद कर दिया गया था। स्टेशन की ओर से मस्जिद की ओर आने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया था। स्टेशन रोड पुलिस चौकी पर खुद सीओ सदर सुरक्षा की निगरानी करते रहे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें