समृद्ध ग्राम पंचायतें डिजिटल हब में तब्दील होगी
Gorakhpur News - गोरखपुर में ग्रामीण क्षेत्रों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए 'समृद्ध ग्राम पंचायतों' का विकास किया जा रहा है। इसमें 05 ग्राम पंचायतें देवरिया, 07 गोरखपुर, 04 कुशीनगर और 07 महाराजगंज की शामिल हैं। डिजिटल एक्सेस कमेटी ग्रामीणों को टेली-मेडिसिन, स्मार्ट शिक्षा, ई-गवर्नेंस और कृषि से जुड़ी सेवाएं प्रदान करेगी।

गोरखपुर, मुख्य संवाददाता। सूबे के ग्रामीण क्षेत्रों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से, 'समृद्ध ग्राम पंचायतों' का विकास किया जा रहा है। भारतनेट के ब्रॉडबैंड इंफ्रास्ट्रक्चर का लाभ उठाते हुए इन पंचायतों को डिजिटल हब में बदला जा रहा है। इसमें गोरखपुर मंडल के देवरिया जनपद के 05 ग्राम पंचायतें, गोरखपुर की 07 ग्राम पंचायतें, कुशीनगर की 04 और महराजगंज जनपद की 07 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। इन समृद्ध ग्राम पंचायतों में 'डिजिटल एक्सेस कमेटी’, ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में गठित की गई है। समिति में ग्राम सचिव, स्कूल के अध्यापक, प्रतिष्ठित व्यक्ति, भारत नेट उद्यमी आदि सदस्य होंगे।
यह समिति सुनिश्चित करेगी कि ग्रामीणों को टेली-मेडिसिन (ई-संजीवनी), स्मार्ट शिक्षा, ई-गवर्नेंस (आय जाति प्रमाण पत्र, खतौनी), और कृषि (मौसम और फसल की जानकारी) से जुड़ी इंटरनेट आधारित सेवाओं का पूरा लाभ मिले। उप निदेशक पंचायती राज हिमांशु शेखर ठाकुर ने बताया कि सभी पंचायती राज अधिकारियों को समिति के जल्द गठन करने के निर्देश दिए गए हैं। डिजिटल एक्सेस कमेटी समृद्ध ग्राम पंचायतों में समुचित डिजिटल उपकरणों (जैसे कंप्यूटर, मॉडेम, लैपटॉप, टेबलेट, मोबाइल, डिजिटल हस्ताक्षर आदि) की उपलब्धता सुनिश्चित करेगी। जिला पंचायत राज अधिकारी के माध्यम से कनेक्शनों के शुल्क-भुगतान के लिए बजट की व्यवस्था की जाएगी। दूरसंचार विभाग ने प्रत्येक जिले के लिए नोडल अफसर भी नियुक्त किया है। वह समिति से समन्वय कर दूरसंचार सेवाओं की उपलब्धता सुनश्चित करेंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


