वी-ट्रेंड रिटेल स्टोर में चोरी का प्रयास, तिजोरी ले जाने में असफल रहा चोर
गगहा थाना क्षेत्र के बलुआ स्थित वी-ट्रेंड रिटेल स्टोर में चोर ने तिजोरी चुराने का प्रयास किया। चोर ने बाथरूम की जाली तोड़कर अंदर प्रवेश किया और तिजोरी को काटने का प्रयास किया। लेकिन स्थानीय लोगों की आवाजाही बढ़ने पर वह वाहन और तिजोरी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कौड़ीराम, हिन्दुस्तान संवाद। गगहा थाना क्षेत्र के बलुआ स्थित वी-ट्रेंड रिटेल स्टोर में गुरुवार रात चोरों का दुस्साहसिक प्रयास सामने आया। चोर स्टोर में घुसकर तिजोरी ले जाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों की आवाजाही बढ़ने पर वाहन और तिजोरी छोड़कर फरार हो गया। गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बलुआ मंदिर के सामने स्थित वी-ट्रेंड स्टोर में गुरुवार देर रात एक चोर प्रथम तल पर पहुंचा और बाथरूम की जाली तोड़कर अंदर घुस गया। अंदर पहुंचने के बाद उसने स्टोर में रखी तिजोरी को ग्राइंडर से काटने का प्रयास किया। इसके बाद तिजोरी को स्टोर में रखे दो पैंट के सहारे घसीटते हुए पीछे की बाउंड्री तक ले गया।
बताया जा रहा है कि चोर ने बाउंड्री के भीतर खड़ी मकान मालिक और गिट्टी-बालू व्यवसायी आशुतोष दुबे की मैजिक वाहन में तिजोरी लाद ली। वाहन से भागने के प्रयास में उसने बाउंड्री वाल भी क्षतिग्रस्त कर दी। भोर में समीप स्थित बाबा बालेश्वरनाथ मंदिर पर लोगों की आवाजाही शुरू हुई तो संदिग्ध गतिविधि देख स्थानीय लोग सतर्क हो गए। लोगों की हलचल बढ़ती देख चोर वाहन और तिजोरी मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। स्टोर प्रबंधक सनत मिश्रा ने पुलिस को तहरीर दी है। गगहा थाना प्रभारी राजकुमार सरोज ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में कुछ कर्मचारियों समेत आधा दर्जन लोगों से पूछताछ की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


