
चकबंदी की बैठक में ग्रामीणों की शिकायतों का मौके पर निस्तारण
Gorakhpur News - पीपीगंज के थवईपार और रगरगंज गांवों में चकबंदी प्रक्रिया से जुड़ी बैठक हुई। ग्रामीणों ने खातों के बंटवारे की समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से लिया और समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में चकबंदी अधिकारी सुनील कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
पीपीगंज। क्षेत्र के थवईपार और रगरगंज गांवों में मंगलवार को चकबंदी प्रक्रिया से जुड़ी एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में खातों के बंटवारे को लेकर ग्रामीणों की जनसुनवाई की गई, जिसमें स्थानीय निवासियों ने अपनी अपनी समस्याएं रखीं और अधिकारियों ने उन्हें सुनकर तत्काल निस्तारण किया। बैठक में चकबंदी अधिकारी सुनील कुमार सिंह, एसीओ उमाशंकर राव, कानूनगो ज्ञान चंद्र और लेखपाल अमन सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीणों की प्रमुख शिकायतों पर चर्चा हुई जिसमें खाते पर नाम न चढ़ने जैसी परेशानियां शामिल थीं। विशेष रूप से रमेश गौड़ ने खाते पर अपना नाम न आने की वजह से गहरी निराशा जताई, जबकि रामनिवास सिंह, दीनबंधु और रामनाथ प्रभाकर ने भी अपनी व्यक्तिगत समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा।
अधिकारियों ने इन शिकायतों को गंभीरता से लिया और समाधान के आश्वासन दिए।बताते चलें कि इन गांवों में लंबे समय से चकबंदी न होने के कारण ग्रामीणों ने पिछले लोकसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार कर दिया था। प्रशासन के समझाने बुझाने और चकबंदी शुरू करने के वादे के बाद दोपहर बाद मतदान संभव हो सका था। उसके बाद से करीब 8 महीने से चकबंदी की प्रक्रिया चल रही है। मंगलवार की बैठक इसी प्रक्रिया के तहत खातों के बंटवारे पर केंद्रित थी।एसीओ उमाशंकर राव ने बैठक के दौरान बताया कि पूरी चकबंदी प्रक्रिया को अंतिम रूप देने में अभी लगभग एक साल का समय लग सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से धैर्य बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




